अतिरिक्त उपायुक्त ने की राजस्व अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता, लंबित मामलों के समयबद्ध निपटारे के दिए निर्देश
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कुल्लू ) 11 सितंबर। अतिरिक्त उपायुक्त सुरजीत राठौर की अध्यक्षता में आज राजस्व अधिकारियों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला कुल्लू के राजस्व अधिकारियों द्वारा 1 फरवरी, 2026 से 31 अगस्त, 2026 की अवधि में निपटाए गए राजस्व अदालत मामलों की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि प्रभावी अवधि के दौरान जिला के सभी तहसील एवं उप तहसील कार्यालयों में तकसीम के 613, निशानदेही के 894, राजस्व दुरुस्ती के 474 मामलों का निपटारा किया गया। इसके अतिरिक्त प्रभावी अवधि के दौरान 5964 इंतकाल भी किए गए।
उन्होंने सभी अधिकारियों को मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने विशेष रूप से सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए की एक वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित तकसीम, निशानदेही एवं राजस्व दुरुस्ती से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
इस अवसर पर स्वामित्व के कार्य में जिला भर की प्रगति की समीक्षा भी की गई एवं सभी तहसील एवं उप-तहसील कार्यालयों को निर्देश दिए गए की स्वामित्व का कार्य समयबद्ध ढंग से निपटाया जाए। जिला में पटवारखाना निर्माण से संबंधित प्रगति की भी समीक्षा की गई एवं सभी निर्माण कार्यों को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री सेवा संकल्प एवं सामान्य शिकायत, विशेष राहत पैकेज, देवी-देवता भूमि आबंटन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दो पर चर्चा की गई एवं दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सहायक आयुक्त डॉ जयबंती, जिला राजस्व अधिकारी अनिल कुमार सहित उप-मण्डलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों ने भाग लिया।


