नगरोटा बगवां से 10 इलेक्ट्रिक बसें रवाना, पहली बस माता चिंतपूर्णी मंदिर भेजी गई
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (नगरोटा बगवां / कांगड़ा )18 सितम्बर । उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज नगरोटा बगवां बस स्टैंड से 10 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने पहली इलेक्ट्रिक बस को नगरोटा बगवां से माता चिंतपूर्णी मंदिर के लिए रवाना किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है और यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक एवं श्रद्धालु आते हैं। प्रदेश के धार्मिक स्थलों पर स्थानीय जनता के साथ-साथ बाहरी राज्यों से भी श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। ऐसे में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से पर्यटकों और श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी सुविधाजनक एवं बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए परिवहन क्षेत्र में पर्यावरण अनुकूल साधनों को बढ़ावा दे रही है। इलेक्ट्रिक बसें प्रदूषण को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण को सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा प्रदेश सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से यात्रियों को आधुनिक एवं सुविधाजनक परिवहन सुविधा मिलने के साथ प्रदेश में स्वच्छ एवं हरित परिवहन व्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। धार्मिक पर्यटन को ध्यान में रखते हुए ऐसे बस रूटों का विस्तार स्थानीय जनता तथा देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए उपयोगी साबित होगा।


