जिला मंडी में 555 पंजीकृत कामगारों को प्रदान की गई 2.76 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता- नरदेव सिंह कंवर

जिला मंडी में 555 पंजीकृत कामगारों को प्रदान की गई 2.76 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता- नरदेव सिंह कंवर

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (मंडी ) 19 सितम्बर। हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर की ओर से यहां बताया गया कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रयासों से कामगार बोर्ड द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से पंजीकृत कामगारों एवं उनके आश्रितों को शिक्षा, विवाह, आवास, स्वास्थ्य सहित 14 विभिन्न क्षेत्रों में आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा जिला मंडी में 555 पंजीकृत कामगारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 02 करोड़ 76 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। यह सहायता राशि गत 15 अगस्त को आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा वितरित की गई। इस अवसर पर प्रदेश भर के 4967 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को कुल 20 करोड़ 61 लाख रुपये की सहायता राशि आवंटित की गई, जिसमें जिला मंडी के 417 लाभार्थी भी शामिल हैं।

अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि कामगार बोर्ड का उद्देश्य पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने पात्र कामगारों से बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

श्रम कल्याण अधिकारी, मंडी अनिल ठाकुर ने बताया कि कामगार बोर्ड द्वारा वर्तमान में 14 कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ये योजनाएं पंजीकृत कामगारों एवं उनके आश्रितों को शिक्षा, विवाह, आवास, स्वास्थ्य तथा अन्य आवश्यकताओं के लिए आर्थिक संबल प्रदान कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि जिला मंडी में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई, जिसमें शिक्षा सहायता योजना के तहत 158 लाभार्थियों को 52 लाख 54 हजार रुपये,विवाह सहायता योजना में 294 लाभार्थियों को 01 करोड़ 49 लाख 94 हजार रुपये, चिकित्सा सहायता योजना में 09 लाभार्थियों को 01 लाख 43 हजार 213 रुपये, मृत्यु एवं अंतिम संस्कार सहायता के अंतर्गत 12 लाभार्थियों को 03 लाख 44 हजार रुपये, मुख्यमंत्री विधवा एकल निराश्रित महिला आवास योजना में 16 लाभार्थियों को 16 लाख रुपये, प्रसूति प्रसुविधा योजना में 36 लाभार्थियों को 12 लाख 48 हजार रुपये, सीएम/पीएम आवास योजना में 06 लाभार्थियों को 06 लाख रुपये, मानसिक रूप से दिव्यांग सहायता योजना में 21 लाभार्थियों को 01 लाख 14 हजार रुपये तथा हॉस्टल सुविधा योजना के तहत 03 लाभार्थियों को 60 हजार रुपये की सहायता राशि शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: