सड़क सुरक्षा नियमों की कड़ाई से अनुपालना सुनिश्चित करेंः उपायुक्त

सड़क सुरक्षा नियमों की कड़ाई से अनुपालना सुनिश्चित करेंः उपायुक्त

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (रिकांग पिओ) 19 सितंबर।
उपायुक्त एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आज जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा हाल ही में हुई सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने हालिया सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हाल में हुई अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में 35 वर्ष से कम आयु के वाहन चालक शामिल पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि तेज गति, लापरवाही एवं यातायात नियमों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को युवाओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि 35 वर्ष से कम आयु के वाहन चालकों के लिए विशेष यातायात जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं। इसके अतिरिक्त विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों और युवाओं को तेज गति से वाहन चलाने तथा लापरवाही से वाहन चलाने के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जाए।
उपायुक्त ने पुलिस एवं परिवहन विभाग को ओवरस्पीडिंग, नशे की हालत में वाहन चलाने, बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट के वाहन चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनुपालना में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने जिले के दुर्घटना संभावित एवं संवेदनशील स्थलों पर सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने के लिए साइन बोर्ड, क्रैश बैरियर तथा स्पीड ब्रेकर लगाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को ऐसे स्थलों का नियमित निरीक्षण करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।
बैठक में दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य एवं आपातकालीन सेवाओं को प्रभावी एवं तत्पर बनाए रखने पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आपात स्थिति में त्वरित समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने जिले के सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की कि वे अपने तथा अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें, निर्धारित गति सीमा का ध्यान रखें और वाहन चलाते समय संयम एवं सावधानी बरतें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार,, मुख्य चिकित्सा अधिकारी पुष्प राज, उप निदेशक उच्च शिक्षा कुलदीप डोगरा, क्षेत्रीय प्रबंधक हिमाचल पथ परिवहन अतुल गुप्ता व लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: