राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव 30 अक्तूबर से 2 नवंबर तक महात्मा गांधी पार्क रिकांग पीओ में आयोजित होगा – सोनाक्षी सिंह तोमर

राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव 30 अक्तूबर से 2 नवंबर तक महात्मा गांधी पार्क रिकांग पीओ में आयोजित होगा – सोनाक्षी सिंह तोमर

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (रिकांग पीओ ) 3 अक्तूबर।
राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव के सफल आयोजन की तैयारियों को लेकर आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता किन्नौर महोत्सव कमेटी की अध्यक्ष एवं उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर ने की। बैठक में किन्नौर महोत्सव के आयोजन स्थल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव 30 अक्तूबर से 2 नवंबर, 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष महोत्सव का आयोजन महात्मा गांधी पार्क, रिकांग पीओ में किया जाएगा। चार दिवसीय महोत्सव के दौरान किन्नौर की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं, लोक नृत्य, लोक संगीत तथा स्थानीय कला एवं हस्तशिल्प को प्रदर्शित किया जाएगा।

अध्यक्ष मेला कमेटी ने जानकारी दी कि इस वर्ष किन्नौर महोत्सव में मिस किन्नौर प्रतियोगिता के साथ-साथ मिस्टर किन्नौर प्रतियोगिता आयोजित करने पर भी विचार किया जाएगा। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी किन्नौरी लोक संस्कृति पर आधारित शहनाई, विभिन्न वाद्य यंत्र, लोक नृत्य एवं लोक गायन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। महोत्सव के बेहतर प्रबंधन एवं सुचारू संचालन के लिए 10 अक्तूबर तक विभिन्न समितियों का गठन कर कार्य आरम्भ करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि महोत्सव की तैयारियों को लेकर आगामी दिनों में समीक्षा बैठक भी आयोजित की जाएगी।

बैठक में स्थानीय कलाकारों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अधिक अवसर प्रदान करने पर विशेष बल दिया गया। इसके अलावा महिलाओं की सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कुकिंग प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

युवा वर्ग को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महोत्सव के दौरान एंटी-चिट्टा मैराथन का आयोजन भी किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह रविंद्र ठाकुर, परियोजना अधिकारी आईटीडीपी घनश्याम दास, गैर सरकारी सदस्य सरोज नेगी, निर्मल नेगी, हितेश नेगी, राज कुमार, राकेश, प्रवीण नेगी, रोहित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: