एशियन गेम्स 2026 में तिरंगे के साथ भारत का जोश

प्रदेश के खेल मंत्री, उपमुख्य सचेतक एवं विधायकों ने किया भारतीय खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (धर्मशाला ) 3 अक्तूबर। एशियन गेम्स 2026 के तहत जापान के आइची-नागोया में भारत और मलेशिया के बीच खेले गए हॉकी मुकाबले में हिमाचल प्रदेश के आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री श्री यादविन्द्र गोमा, उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक श्री केवल सिंह पठानिया, विधायक श्रीमती कमलेश ठाकुर एवं विधायक श्री विवेक शर्मा सहित परिवारजनों ने स्टेडियम पहुंचकर भारतीय हॉकी टीम का उत्साहवर्धन किया।
विदेश की धरती पर हाथों में तिरंगा, सिर पर हिमाचली टोपी और दिल में देशभक्ति का जज़्बा इस दौरान विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। भारतीय खिलाड़ियों को पूरे जोश और जुनून के साथ मैदान पर खेलते देखकर सभी ने उनका उत्साह बढ़ाया तथा देश की जीत के लिए शुभकामनाएं दीं।

भारतीय हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को 5-1 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस शानदार उपलब्धि पर श्री यादविन्द्र गोमा, श्री केवल सिंह पठानिया सहित सभी ने भारतीय टीम को हार्दिक बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

श्री केवल सिंह पठानिया ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों की यह शानदार उपलब्धि पूरे देश और हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय खिलाड़ियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन देश के युवाओं को खेलों के प्रति आगे बढ़ने तथा बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा कि भारत का तिरंगा दुनिया के हर मैदान में इसी तरह शान से लहराता रहे और हमारे खिलाड़ी देश का नाम रोशन करते रहें, यही सभी देशवासियों की कामना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: