मेले एवं उत्सव हमारी विशिष्ट संस्कृति के परिचायक – डॉ. शांडिल

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (सोलन ) 12 अक्तूबर।स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल की गरिमामयी उपस्थिति में सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित हिमाचल उत्सव गत सांय सम्पन्न हो गया।
डॉ. शांडिल ने हिमाचल उत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या को सम्बोधित करते हुए सफल आयोजन के लिए आयोजक डायनामिक इंडिया युवा मण्डल सोलन को बधाई दी। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में मेला और बड़े स्वरूप में आयोजित किया जाएगा जिससे प्रदेश की लोक लुभावन संस्कृति के प्रचार-प्रसार में सहायता मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मेले एवं उत्सव हमारी विशिष्ट संस्कृति के परिचायक हैं। इनके माध्यम से जहां लोगों का स्वस्थ मनोरंजन सुनिश्चित होता है वहीं युवाओं को अपनी संस्कृति व परम्पराओं की गहन जानकारी भी प्राप्त होते हैं।
उन्होंने इस अवसर पर युवाओं से नशे से दूर रहने व अपनी पुरातन संस्कृति को अपनाने एवं सहेजने का आग्रह किया। उन्होंने युवाओं को अपनी असीमित ऊर्जा को खेल व अन्य रचनात्मक गतिविधियों में लगाने को कहा ताकि युवाओं का भविष्य उज्जवल बन सके।
उन्होंने इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया।
उन्होंने इस अवसर पर हिमाचल उत्सव के आयोजक डायनामिक इंडिया युवा मण्डल को अपनी ऐच्छिक निधि से 51 हजार रुपए देने की घोषणा भी की।
डॉ. शांडिल की सुपुत्री डॉ. दीपाली धौल, हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा, डायनामिक इंडिया युवा मण्डल सोलन के अध्यक्ष एवं जोगिन्द्र केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता आपूर्ति निगम निदेशक मण्डल के सदस्य जतिन साहनी, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता सुरेन्द्र सेठी, मुख्यमंत्री के विशेष कार्यकारी अधिकारी गोपाल शर्मा, नगर निगम सोलन के पार्षद अंकुश शर्मा, शहरी कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष पुनीत शर्मा, पूर्व पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, डायनामिक इंडिया युवा मण्डल सोलन के पंकज सूद, सक्षम, अन्य पदाधिकारी, गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग इस अवसर पर उपस्थित थे।


