जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक की शाखा के भवन का किया लोकार्पण
डेली पब्लिक लाइव न्यूज (सोलन ) 16 अक्तूबर।स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने में सहाकरी बैंक की महत्वपूर्ण भूमिका है। डॉ. शांडिल आज यहां जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक की शाखा के भवन का लोकार्पण करने के उपरांत उपस्थित लोगों को सम्बोधित कर रहे थे।
डॉ. शांडिल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के किसानों व लघु उद्यमियों तथा समाज के कमजोर वर्गों व निम्न आय समूहों को बैंकिंग व वित्तीय सेवाएं प्रदान करने में सहकारी बैंक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बैंक हर व्यक्ति को आर्थिक प्रणाली से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने में भी सहायक है।
उन्होंने बैंक प्रबंधन और क्षेत्र के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि सहकारी बैंकों का ग्रामीण अर्थव्यस्था के सुदृढ़ीकरण में महत्वपूर्ण योगदान रहता है। नए भवन के शुभारम्भ से क्षेत्र के लोगों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध करवाने में सहायता मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता के कल्याण और सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बैंक प्रबंधन से आग्रह किया कि उपभोक्ताओं को सरल, पारदर्शी एवं सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध करवाने को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन के लिए समय-समय पर जागरूकता शिविर लगाना सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर जन समस्याएं भी सुनी और इनके शीघ्र निपटारे के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, नगर निगम सोलन के पार्षद अंकुश सूद, जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के निदेशक लक्ष्मी दत्त ठाकुर, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष पुनीत, जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक पंकज सूद, शाखा प्रबंधक जगदीप शर्मा, कांग्रेस के राजीव थापा, उपमण्डलाधिकारी सोलन नीरजा शर्मा, ज़िला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य सोलन योगेश गुप्ता सहित बैंक के विभिन्न अधिकारी व ग्रामीण उपस्थित थे।


