कृषि मंत्री ने बेही पठियार में सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
डेली पब्लिक लाइव न्यूज (ज्वाली/धर्मशाला ) 17 अक्तूबर। कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने आज ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की बेही पठियार पंचायत में लोगों से संवाद कर उनकी जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर कृषि मंत्री ने बताया कि बेही पठियार पंचायत में भूमिगत जल की उपलब्धता न होने के कारण सिद्धपुरघाड़ में दो अतिरिक्त ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। इनसे पंप के माध्यम से पानी मस्तगढ़ में स्टोरेज टैंक तक पहुंचाकर बेही पठियार पंचायत में आपूर्ति की जाएगी। इससे क्षेत्र की पेयजल समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि अपने 40 वर्षों के राजनीतिक कार्यकाल में उन्होंने क्षेत्र में सड़कों, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य किया है।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है। सरकार गेहूं, मक्की और कच्ची हल्दी की खरीद क्रमशः 80, 50 और 150 रुपये प्रति किलोग्राम के समर्थन मूल्य पर कर रही है। वहीं, गाय और भैंस के दूध का समर्थन मूल्य बढ़ाकर क्रमशः 61 और 71 रुपये प्रति लीटर किया गया है।
उन्होंने बताया कि हमीरपुर में आधुनिक सॉयल एंड रूट टेस्टिंग लैब स्थापित की गई है। इसमें मिट्टी के पोषक तत्वों और पौधों की जड़ों की जांच से फसलों में पोषक तत्वों की कमी तथा जड़ों से जुड़ी बीमारियों की पहचान करने में मदद मिलेगी। इससे किसानों को वैज्ञानिक तरीके से खेती करने और उत्पादन की गुणवत्ता सुधारने में सहायता मिलेगी।
प्रो. चन्द्र कुमार ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि रोजगार के अवसरों में कमी, पेपर लीक और युवाओं के विरोध प्रदर्शन चिंता के विषय हैं। उन्होंने कहा कि पिछली यूपीए सरकार के कार्यकाल में सूचना का अधिकार, शिक्षा का अधिकार, रोजगार का अधिकार और खाद्य सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण कानूनों के माध्यम से आमजन के हितों की रक्षा के प्रयास किए गए।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने पिछली मंत्रिमंडल बैठक में एक हजार पदों पर भर्ती की पहल की है। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, महिलाओं, गरीबों और असहाय वर्गों का कल्याण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित करने के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन बलविंदर, बीडीओ मनोज शर्मा, नायब तहसीलदार सीता राम, सीनियर वेटरनरी ऑफिसर भीष्म, बिजली बोर्ड एवं जल शक्ति विभाग के जेई, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा, पंचायत प्रधान अनिल राणा, कार्यकर्ता जालम सिंह, प्रीतम चंद, सतपाल, बाबू राम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं पंचायतवासी उपस्थित रहे।


