ग्रामीण विकास और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दे रही प्रदेश सरकार : प्रो. चन्द्र कुमार

सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत भाली पंचायत में सुनीं जनसमस्याएं, विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (ज्वाली/कांगड़ा ) 19 अक्तूबर। कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने आज ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भाली में लोगों से सीधा संवाद कर उनकी जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार और प्रशासन को सीधे जनता के बीच पहुंचाकर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि विकास योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचे।
प्रो. चन्द्र कुमार ने कहा कि कोटला क्षेत्र में लोगों की सुविधा के लिए विभिन्न प्रशासनिक और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। कोटला में उपतहसील होने से लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए सुविधा मिल रही है। इसके अतिरिक्त, कोटला के स्कूल को सीबीएसई से संबद्ध करवाया गया है तथा वहां पुलिस थाना स्थापित किया गया है। लोगों की सुविधा के लिए ब्लॉक कार्यालय को नगरोटा सूरियां से ज्वाली स्थानांतरित किया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए दूरी कम तय करनी पड़ती है।
उन्होंने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भाली के भवन की मरम्मत के लिए 20 लाख रुपये उपलब्ध करवाए गए हैं। स्कूल के नए भवन के निर्माण की मांग पर उन्होंने संबंधित विभाग को एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन सीपीएस नीरज भारती के प्रयासों से भी स्कूल में 55 लाख रुपये की लागत से साइंस ब्लॉक का निर्माण करवाया गया था।
कृषि मंत्री ने भाली पंचायत में भूमिगत जल की उपलब्धता का पता लगाने के लिए हाइड्रोजियोलॉजिस्ट से सर्वे करवाने की बात कही । सर्वे के आधार पर पंचायत में पांच से छह हैंडपंप स्थापित करवाए जाएंगे। उन्होंने पंचायत में मोटर योग्य रास्तों के निर्माण के लिए वन विभाग की आवश्यक मंजूरी प्रदान करने के संबंध में डीएफओ को निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, लोक निर्माण विभाग को नागद्रमन-बाड़ा सड़क की मरम्मत करवाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत भाली में वर्ष 2022 से अब तक ब्लॉक कार्यालय के माध्यम से 1.44 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से उपलब्ध धनराशि का समयबद्ध और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए विकास कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।
प्रो. चन्द्र कुमार ने लोगों से खेतीबाड़ी की ओर लौटने और प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक रूप से उगाई गई गेहूं, मक्की, कच्ची हल्दी और अदरक की फसलों को क्रमशः 80, 50, 150 और 30 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने में पशुपालन की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी दिशा में प्रदेश सरकार गाय के दूध को 61 रुपये तथा भैंस के दूध को 71 रुपये प्रति लीटर की दर से एमएसपी पर खरीद रही है।उन्होंने कहा कि किसानों से खरीदे जाने वाले दूध का प्रसंस्करण ढगवार में लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किए जा रहे मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट में किया जाएगा, जहां दूध से विभिन्न उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इससे किसानों और पशुपालकों को लाभ मिलेगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर उन्होंने रामलीला क्लब भाली को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने पंचायत प्रधान द्वारा रखी गई मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम में एसडीएम नरेंद्र जरियाल, डीएफओ संदीप कोहली, बीडीओ मनोज शर्मा, नायब तहसीलदार सीताराम, एसएचओ कुलदीप सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता बलविंदर,एसडीओ अंकित चौधरी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चैन सिंह गुलेरिया, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रदीप वर्मा, भाली पंचायत प्रधान अमन राणा, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष अखिल राणा, जितेंद्र राणा जीतू,पंचायत प्रतिनिधि,विभागीय अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: