वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान 21 अक्तूबर से 31 दिसंबर तक चलेगा
डेली पब्लिक लाइव न्यूज (बिलासपुर )19 अक्तूबर। वित्त मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 21 अक्तूबर से 31 दिसंबर, 2026 तक देशभर में वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत बिलासपुर जिले की सभी ग्राम पंचायतों और शहरी स्थानीय निकायों तक प्रमुख वित्तीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अभियान के दौरान प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना के अंतर्गत नए लाभार्थियों का नामांकन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बैंक खातों में आधार सीडिंग, लंबित केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने, री-केवाईसी तथा सी-केवाईसी से संबंधित कार्यों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत नए बैंक खाते खोलने तथा निष्क्रिय खातों को पुनः सक्रिय करने पर विशेष जोर रहेगा। साथ ही, बचत खातों और लॉकरों में नामांकित व्यक्तियों का विवरण अद्यतन करने तथा डिजिटल बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे।
जिला स्तर पर अभियान का नेतृत्व जिला प्रशासन द्वारा किया जाएगा, जबकि जिले में विभिन्न शिविरों के आयोजन एवं समन्वय की जिम्मेदारी अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), बिलासपुर की रहेगी। सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक तथा सहकारी बैंक अपने-अपने कार्यक्षेत्र में विशेष शिविर आयोजित करेंगे और इनके सफल संचालन के लिए पर्याप्त स्टाफ तैनात करेंगे।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए बिलासपुर जिले के संबंधित अधिकारी, बैंक कर्मचारी तथा ग्राम प्रतिनिधि आपसी समन्वय से कार्य करेंगे, ताकि पात्र लोगों तक वित्तीय योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके और वित्तीय सेवाओं की पहुंच को अधिक व्यापक बनाया जा सके।


