तत्तापानी में बनने वाले हॉट वाटर पूल और सामुदायिक भवन स्थल का राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री ने किया निरीक्षण

एक माह में ड्राइंग और एस्टीमेट तैयार करने के अधिकारियों को दिए निर्देश

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (करसोग/मंडी ) 23 अक्टूबर।
प्रदेश के राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज ऋषि जमदग्नि की तपोभूमि, तीर्थ स्थली करसोग के तत्तापानी में बनने वाले गर्म पानी स्नानागार (हॉट वाटर पूल) और सामुदायिक भवन के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों और कोलडैम प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने आधुनिक स्नानागार बनाने के लिए प्रस्तावित साइट पर अपनी सहमति जताई और शीघ्र इस संबंध में सभी औपचारिकताए पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि धार्मिक आस्था से यहां पवित्र स्नान करने के लिए आने वाले श्रद्वालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक माह में प्रथम चरण में होने वाले कार्य का ड्राइंग और एस्टीमेट बना कर तैयार किया जाए ताकि लोगों को शीघ्र सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य किया जाए।
राजस्व मंत्री ने तत्तापानी में आमजन की सुविधा के लिए किए जाने वाले अन्य विकास कार्यों में आने वाली विभिन्न बाधाओं को दूर कर प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिस पर कोल डैम के अधिकारियों ने भी अपनी सहमति जताई है। इनमें फुटपाथ निर्माण, पुलिस चेक पोस्ट का मुरम्मत आदि का कार्य शामिल है।
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री ने इस अवसर पर वोट के माध्यम से झील में जमा सिल्ट का भी जायजा लिया और लोगों को इस समस्या का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया।
राजस्व मंत्री ने इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक की और विकास कार्य से संबंधित स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की।

इस अवसर पर उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने गर्म पानी स्नानागार (हॉट वाटर पूल) और सामुदायिक भवन के लिए प्रस्तावित स्थल की जानकारी प्रदान की।

एसडीएम करसोग अलीशा चौहान, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेश राज, कोलडैम प्रबंधन की ओर से अंजला अग्रवाल डीजीएम, अखिलेश जोशी, हरबिंदर सिंह, तहसीलदार करसोग पृथी चंद, एक्सियन लोक निर्माण विभाग अजय राज गुप्ता, एक्सियन जल शक्ति विभाग बुद्धि सिंह, एक्सियन बिजली बोर्ड चंद्रमणि शर्मा, कोलडैम के वरिष्ठ अधिकारी, तत्तापानी पंचायत प्रधान प्रेम रैना, कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: