मुसीबत में घिरे परिवार के लिए मददगार बने मुकेश अग्निहोत्री, विवेक का हाल जानने पहुंचे एम्स बिलासपुर

ऊना से चंडीगढ़ जाते समय विशेष तौर पर पहुंचे एम्स, उपचार के लिए एक लाख रुपये की सहायता दी; चार लाख की अतिरिक्त मदद जल्द देने के निर्देश

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (ऊना ) 27 अक्तूबर। जरूरत के समय किसी पीड़ित परिवार के साथ खड़े होना और उसके दुख को समझना ही जनसेवा का वास्तविक भाव है। इसी भावना के साथ उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ऊना से चंडीगढ़ जाते समय विशेष तौर पर एम्स बिलासपुर पहुंचे और हरोली विधानसभा क्षेत्र के ईसपुर गांव निवासी दिव्यांग विवेक कुमार का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने चिकित्सकों से विवेक के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली तथा परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

विवेक घर के ऊपर से गुजर रही हाई-वोल्टेज बिजली की तारों की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस दर्दनाक हादसे में उसे अपना एक हाथ गंवाना पड़ा, जबकि दूसरे हाथ की उंगलियां भी काटनी पड़ीं। विवेक के पिता सोमनाथ फोटोग्राफी का काम करते हैं। परिवार के सामने आए इस कठिन दौर में उप मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार की परेशानी को समझते हुए विवेक के उपचार में सहयोग के लिए पहल की।

मुकेश अग्निहोत्री ने विवेक के उपचार के लिए अपनी ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही, हादसे में हुई गंभीर क्षति को देखते हुए बिजली विभाग को चार लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि जल्द उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को विवेक की उचित देखभाल और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने को भी कहा।

उप मुख्यमंत्री का व्यस्त कार्यक्रम के बीच विशेष तौर पर एम्स बिलासपुर पहुंचकर विवेक का हाल जानना और उपचार के लिए आर्थिक मदद उपलब्ध करवाना पीड़ित परिवार के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है। इस कठिन समय में परिवार को संबल देते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि विवेक के उपचार और देखभाल के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: