उपायुक्त किरण भड़ाना की अध्यक्षता में जिला कौशल समिति की बैठक आयोजित

बैठक में कौशल विकास और युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने पर दिया बल

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (बिलासपुर )28 अक्तूबर। उपायुक्त बिलासपुर किरण भड़ाना की अध्यक्षता में आज बचत भवन में जिला कौशल समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम और जिला कौशल समिति बिलासपुर के माध्यम से जिला के युवाओं को रोजगारोन्मुख कौशल प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध करवाए जा रहे विभिन्न अवसरों पर विस्तृत विचार विमर्श किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 के तहत जिले में कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

इस अवसर पर उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के माध्यम से जिला कौशल समिति का उद्देश्य युवाओं को उनकी रुचि, स्थानीय आवश्यकताओं और रोजगार बाजार की मांग के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि जिला कौशल समिति जिला में कौशल विकास से संबंधित गतिविधियों के समन्वय के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। समिति के माध्यम से विभिन्न विभागों, उद्योगों और प्रशिक्षण प्रदाताओं के बीच समन्वय स्थापित कर स्थानीय श्रम बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। इसके साथ ही, जिला में कौशल संबंधी आवश्यकताओं का आकलन करने और विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी समन्वय एवं क्रियान्वयन को बढ़ावा देने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिला में स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अल्पावधि प्रशिक्षण (एसटीटी) और पूर्व शिक्षण मान्यता (आरपीएल) के अंतर्गत विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। इसके तहत आईटीआई बरठीं में ग्रीन एनर्जी क्षेत्र में 30 उम्मीदवारों को अल्पावधि प्रशिक्षण प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त, पर्यटन एवं आतिथ्य के माध्यम से आईटीआई घुमारवीं और बिलासपुर में 90 उम्मीदवारों के लिए स्ट्रीट फूड वेंडर और महिला एवं बाल विकास के सहयोग से प्ले स्कूल फैसिलिटेटर जैसे जॉब रोल के लिए प्रशिक्षण एवं प्रमाणन की योजना बनाई गई है।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को इन अल्पावधि पाठयक्रमों के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्रों को जोड़ने पर बल दिया ताकि इन कार्यक्रमों का लाभ लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने इन अल्पावधि पाठयक्रमों के माध्यम से युवाओं की पहचान, प्रशिक्षण के लिए उनकी सहभागिता, पारदर्शी आकलन और प्रमाणन प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर जोर दिया है, ताकि उन्हें योग्यता के अनुरूप आजीविका के अवसर प्राप्त हो सकें। उन्होंने कहा कि कौशल विकास से जुड़ी इन गतिविधियों का उद्देश्य जिला में रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास करना है।

किरण भड़ाना ने अधिकारियों को जिला में स्थानीय आवश्यकताओं और रोजगार की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण, चाइल्ड केयर संस्थानों में योग एवं वेलनेस प्रशिक्षण तथा एडवेंचर स्पोर्ट्स और आपदा प्रबंधन से संबंधित कार्यक्रमों की योजना बनाने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में आवश्यक कौशल एवं व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के साथ-साथ रोजगार क्षमता बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा सकेगा।

बैठक का संचालन जिला कौशल समिति के सदस्य सचिव एवं जिला समन्वयक, हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम शिवेंदु चौहान ने किया।बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त रूपिंदर कौर, कौशल विकास निगम के सेक्टर स्पेशलिस्ट ट्रेनिंग कपिल भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: