रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रोबोटिक्स प्रदर्शन और पुरस्कार वितरण ने मोहा मन

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (कंडाघाट ) 31 अक्टूबर। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, कंडाघाट में शनिवार को वार्षिक समारोह एवं वार्षिक पुरस्कार वितरण कार्यक्रम ‘द ग्रेट मोज़ेक’ (The Great Mosaic) हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। “हर बच्चा एक अनूठा हिस्सा है; मिलकर हम एक उत्कृष्ट कृति बनाते हैं” की भावना पर आधारित इस समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक विविधता का शानदार प्रदर्शन किया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम कंडाघाट गोपाल शर्मा ने शिरकत की। जबकि विशिष्ट अतिथि विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी.आर. गुप्ता, समिति के सदस्य प्रमोद कुमार एवं मुकेश कुमार ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। प्रधानाचार्या रूपाली साहा की अगुवाई में कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के लोगो एवं थीम की प्रस्तुति, दीप प्रज्वलन और अतिथियों के सम्मान के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने गणेश वंदना, प्रार्थना गीत और सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर समारोह को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। नन्हे विद्यार्थियों की ‘नेचर बैले’ प्रस्तुति, कॉयर समूह और वाद्य संगीत पर आधारित बैंड प्रदर्शन ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बंगाली, राजस्थानी, तेलुगु और भांगड़ा की रंगारंग लोकनृत्य प्रस्तुतियों ने भारत की सांस्कृतिक विविधता को जीवंत किया। ओडिसी शास्त्रीय नृत्य और हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक लोकनृत्य नाटी ने भारतीय संस्कृति एवं लोक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। नाट्य प्रस्तुति ‘द इम्पर्सनेटर’, रोबोटिक्स प्रदर्शन तथा फ्यूजन और ग्रैंड फिनाले ने विद्यार्थियों की अभिनय क्षमता, तकनीकी रुचि और सामूहिक रचनात्मकता को प्रदर्शित किया।

समारोह का प्रमुख आकर्षण वार्षिक पुरस्कार वितरण रहा, जिसमें शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यालय की स्कूल कोऑर्डिनेटर ऋचा डेसू ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें वर्षभर की प्रमुख गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपलब्धियों तथा शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम संबंधी प्रगति का विवरण दिया गया।
अपने संबोधन में प्रधानाचार्या श्रीमती रूपाली साहा ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी की विशिष्ट क्षमता को पहचानना और उसे आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। उन्होंने आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मकता, सहयोग और नैतिक मूल्यों के विकास पर भी बल दिया।

एसडीएम गोपाल शर्मा तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी.आर. गुप्ता ने भी अपने संबोधनों के माध्यम से विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उनकी उपलब्धियों की सराहना की।
कार्यक्रम विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए उत्सव और गौरव का अवसर बना। धन्यवाद प्रस्ताव के साथ समारोह का समापन हुआ।


