कांगड़ा के शहद की पहचान फिर से स्थापित करने के लिए मधुमक्खी पालन को मजबूत करना आवश्यक: केवल सिंह पठानिया
डेली पब्लिक लाइव न्यूज (शाहपुर/कांगड़ा )5 नवंबर। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया बुधवार को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के कल्याडा में मधुमक्खी पालकों से मिले और उनसे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। विधायक स्वयं मधुमक्खियों के रखे जाने वाले स्थान पर पहुंचे तथा मधुमक्खी पालन की गतिविधियों का जायजा लिया।
उन्होंने स्मॉल हाइव बीटल के प्रकोप से मधुमक्खी पालकों को हुए नुकसान का भी जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं किसान परिवार से संबंध रखते हैं और प्रदेश की आर्थिकी को मजबूत बनाने में किसानों एवं बागवानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा का शहद एक समय देशभर में अपनी अलग पहचान रखता था। मधुमक्खी पालन को फिर से मजबूत करने तथा इस क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए गंभीर प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।
विधायक ने बताया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में मधुमक्खी पालन से जुड़े 29 परिवार पंजीकृत हैं। उन्होंने सभी मधुमक्खी पालकों को आश्वस्त किया कि उन्हें सरकारी योजनाओं एवं विभिन्न सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के स्तर पर सहायता उपलब्ध करवाने के साथ-साथ वह व्यक्तिगत स्तर पर भी मधुमक्खी पालकों की हरसंभव मदद करेंगे, ताकि इस व्यवसाय से जुड़े परिवारों को प्रोत्साहन मिले और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।
इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर, कल्याडा के पूर्व प्रधान बलवीर चौधरी, सत्यप्रकाश , शम्मी,कोऑपरेटिव सोसायटी के गुलशन तथा मधुमक्खी पालक उपस्थित रहे।


