सरकार की घोषणाओं को पूरा करने में तत्परता दिखाएं अधिकारी, कोताही बर्दाशत नहीं: केवल सिंह पठानिया

छोटा मणिमहेश डलझील में 17 नवम्बर से मुख्यमंत्री की अगुवाई में होगी महाआरती

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ ( धर्मशाला )6 नवम्बर। सरकार की घोषित परियोजनाओं के निर्माण को पूरा करने में तत्परता के साथ कार्य करें, इसमें किसी प्रकार की कोताही का बर्दाशत नही किया जाएगा। यह बात उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने आज धर्मशाला में जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर सरकार द्वारा घोषित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की प्रगति तथा उन पर की गई प्रशासनिक कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित मामलों को अविलम्ब निपटाने के निर्देश दिए।
गग्गल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण तथा रिटेनिंग वॉल निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए केवल सिंह पठानिया ने सरकार द्वारा 2700 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए जाने के बावजूद अभी तक कार्य शुरू न होने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित निर्माण कम्पनी के अधिकारियों से शीघ्र सम्पर्क कर कार्य आरम्भ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिटेनिंग वॉल निर्माण के संबंध में वह स्वयं उपायुक्त एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर स्थानीय लोगों से बातचीत करेंगे, ताकि इस कार्य को आगे बढ़ाने में आने वाली समस्याओं का समाधान किया जा सके। उन्होंने बताया कि उनके निरंतर प्रयासों से आईटी पार्क डोहब के निर्माण के लिए सभी अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस परियोजना का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करवाने के निर्देश दिए। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुना माता मंदिर के अधिग्रहण प्रस्ताव व विकास के लिए हदबंदी की प्रक्रिया दोबारा करवाकर इसे 20 नवम्बर तक पूरा करने को कहा।
इसके अतिरिक्त पक्का टियाला से चूड़ी सड़क का नाम शहीद मिलाप सिंह जम्बाल तथा राजकीय उच्च विद्यालय भनाला का नाम शहीद पवन कुमार के नाम पर रखने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जबकि उप-तहसील हरचक्कियां के अधिकार क्षेत्र को कांगड़ा से शाहपुर स्थानांतरित करने के लिए एसडीएम कांगड़ा को सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित प्रस्ताव विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
केवल सिंह पठानिया ने शाहपुर-रेहलू सड़क पर अंडरपास निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर भी कड़ा संज्ञान लिया तथा अधिकारियों को कार्य शीघ्र शुरू करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने डल गद्दी बस्ती, बरनेट-घेरा, चमियाड़ा तथा भतल्ला सड़कों के निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने को कहा। साथ ही पटवार सर्कल भलेड़ तथा लोक निर्माण मंडल कार्यालय शाहपुर की मरम्मत से संबंधित मामलों की आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
छोटा मणिमहेश डलझील में 17 नवम्बर से होगी महाआरती
बैठक में धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के विषय पर चर्चा करते हुए उपमुख्य सचेतक ने बताया कि छोटा मणिमहेश के नाम से विख्यात दुर्वेश्वर महादेव मंदिर, डलझील में 17 नवम्बर की सायं से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में महाआरती का शुभारंभ होगा।
उन्होंने कहा कि डलझील को धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से और अधिक विकसित करने के लिए यहां हाई मास्ट लाइटें लगाने तथा भगवान शिव की विशाल प्रतिमा स्थापित करने की योजना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को महाआरती के आयोजन की रूपरेखा समय रहते तैयार करने तथा सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सहायक आयुक्त उपायुक्त विवेक चौहान, एसडीएम धर्मशाला एवं शाहपुर, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग, जिला राजस्व अधिकारी राकेश नागपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: