दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल कंडाघाट में हर्षोल्लास से मनाया बाल दिवस, चाचा नेहरू को किया याद

शिक्षकों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, हिमाचली नाटी ने मोहा सबका मन

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (कंडाघाट)16 नवंबर। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, कंडाघाट में सोमवार को बाल दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। अवकाश के चलते बाल दिवस का आयोजन सोमवार को किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपाली साहा ने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना से हुआ। विद्यालय की कला अध्यापिका ज्योति ने मनमोहक नृत्य के माध्यम से माँ सरस्वती की आराधना प्रस्तुत की। इसके पश्चात संगीत अध्यापक डॉ. मंजुल ने अपनी मधुर गीत प्रस्तुतियों के माध्यम से बालमन की भावनाओं, बच्चों के मनोविज्ञान तथा बचपन के विभिन्न रंगों को खूबसूरती से अभिव्यक्त किया। वहीं अध्यापिका चंद्रकांता ने चाचा नेहरू के बच्चों के प्रति अगाध प्रेम एवं उनके प्रेरणादायी व्यक्तित्व को समर्पित नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण अध्यापिका सुनीता एवं अन्य शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत हिमाचली लोकनृत्य ‘नाटी’ रहा। पारंपरिक लोकधुनों पर शिक्षकों की शानदार प्रस्तुति ने विद्यार्थियों के साथ-साथ उपस्थित जनसमूह को भी झूमने पर मजबूर कर दिया। शिक्षकों की इन प्रस्तुतियों ने बाल दिवस के अवसर को और भी यादगार बना दिया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्या रूपाली साहा ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों से अत्यंत स्नेह करते थे। बच्चों के प्रति उनके इसी प्रेम और आत्मीयता के सम्मान में उनके जन्मदिवस 14 नवम्बर को प्रतिवर्ष बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आज का युग नवाचार, तकनीक और विज्ञान का युग है। विद्यार्थियों को अपनी जिज्ञासा, रचनात्मकता एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करते हुए इन क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री डी.आर. गुप्ता तथा समिति के सदस्य श्री प्रमोद कुमार एवं श्री मुकेश कुमार ने भी सभी विद्यार्थियों को बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस प्रकार शिक्षकों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत और लोकनृत्य से सुसज्जित यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए आनंद, उत्साह और यादगार पलों से भरपूर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: