सीएम सुक्खू की पहल पर प्राकृतिक खेती को मिल रहा बढ़ावा, मक्की की खरीद शुरू, पहले दिन 16 किसानों से खरीदी 74.40 क्विंटल उपज

ऊना-हरोली ब्लॉक से 26.20 और अंब ब्लॉक से 48.20 क्विंटल मक्की खरीदी, 50 रुपये प्रति किलो तय है समर्थन मूल्य

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (ऊना ) 18 नवंबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पहल पर प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जिला ऊना में प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की की खरीद प्रक्रिया शुरू हो गई है। कृषि विभाग की आत्मा परियोजना के तहत हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के माध्यम से खरीद प्रक्रिया शुरू की गई है। बुधवार को पहले दिन जिले के 16 किसानों से कुल 74.40 क्विंटल मक्की खरीदी गई। इसमें ऊना और हरोली ब्लॉक के किसानों से 26.20 क्विंटल तथा अंब ब्लॉक के किसानों से 48.20 क्विंटल मक्की की खरीद की गई।
प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की का न्यूनतम समर्थन मूल्य 50 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया है। इसके अलावा प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं का समर्थन मूल्य 80 रुपये और कच्ची हल्दी का 150 रुपये प्रति किलोग्राम तय किया गया है।
उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि मक्की बेचने वाले किसानों को उपज की रसीदें प्रदान की गई हैं तथा भुगतान राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।
आत्मा परियोजना ऊना की निदेशक प्यारो देवी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 नवंबर को बंगाणा ब्लॉक और 20 नवंबर को गगरेट ब्लॉक के किसानों से टकारला मंडी में प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की की खरीद की जाएगी।
इस अवसर पर उप परियोजना निदेशक शामली गुप्ता, ब्लॉक तकनीकी प्रबंधक सोनिया कुमारी, सहायक तकनीकी प्रबंधक प्रियंका शर्मा, ब्लॉक तकनीकी प्रबंधक अंकुश शर्मा और सहायक तकनीकी प्रबंधक शिवांक सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: