बिलासपुर स्थित जिला स्पोर्ट्स हॉस्टल में प्रातः 10 बजे से आयोजित होगा ट्रायल
डेली पब्लिक लाइव न्यूज (बिलासपुर )21 नवम्बर। युवा सेवा एवं खेल विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2026 के अंतर्गत कबड्डी पुरुष (अंडर-18) वर्ग के चयन के लिए अब 22 नवम्बर के बजाए 24 नवम्बर को जिला स्पोर्ट्स हॉस्टल, बिलासपुर में चयन प्रशिक्षण ट्रायल आयोजित किया जाएगा। यह ट्रायल प्रातः 10ः00 बजे से आरम्भ होगा।
युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के अतिरिक्त निदेशक गौरव महाजन ने बताया कि चयन ट्रायल के लिए पहले निर्धारित तिथि में बदलाव किया गया है। अब यह चयन टायल 22 नवम्बर के बजाए 24 नवम्बर को आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस चयन ट्रायल में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों की जन्म तिथि 1 जनवरी, 2009 अथवा उसके बाद होनी अनिवार्य है। निर्धारित आयु मानदण्डों को पूरा करने वाले इच्छुक खिलाड़ी ट्रायल में भाग लेने के लिए निर्धारित तिथि एवं समय पर परीक्षण केन्द्र में उपस्थित हो सकते हैं।
उन्होंने बताया कि ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपने साथ शैक्षणिक (मैट्रिक) आयु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा पासपोर्ट आकार के दो फोटो का एक सत्यापित प्रतिलिपि सेट और दो अतिरिक्त पासपोर्ट आकार के फोटो लाना अनिवार्य होगा। मैट्रिक आयु प्रमाण पत्र नगर निगम अथवा ग्राम पंचायत द्वारा कम से कम पांच वर्ष पूर्व अर्थात् 1 जनवरी, 2021 को या उससे पहले जारी किया गया होना चाहिए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रशिक्षण ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता अथवा दैनिक भत्ता (टी.ए./डी.ए.) प्रदान नहीं किया जाएगा।