प्राकृतिक खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों पर किसान-वैज्ञानिक संवाद आयोजित

मंडी जिला के 14 विकास खंडों के 28 प्रगतिशील किसानों ने लिया भाग

किसानों को वैज्ञानिकों से सीधे संवाद कर खेती की समस्याओं का समाधान जानने का मिला अवसर

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (सुंदरनगर/मंडी ) 27 नवंबर।कृषि विभाग हिमाचल प्रदेश के अंतर्गत कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा), मंडी द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र सुंदरनगर में दो दिवसीय किसान-वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेंट्रल जोन मंडी की कार्यकारी निदेशक डॉ. प्राची विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में मंडी जिला के सभी 14 विकास खंडों से दो-दो प्रगतिशील किसानों सहित कुल 28 किसानों ने भाग लिया। इस दौरान प्राकृतिक खेती, फसल उत्पादन, आधुनिक कृषि तकनीकों और खेती से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं पर किसानों एवं कृषि वैज्ञानिकों के बीच विस्तृत चर्चा हुई।
संवाद के दौरान किसानों ने प्राकृतिक खेती अपनाने के अपने अनुभव साझा किए तथा खेती से संबंधित विभिन्न प्रश्न कृषि विशेषज्ञों के समक्ष रखे। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को प्राकृतिक खेती की विभिन्न विधियों, उनके प्रभावी क्रियान्वयन और कृषि उत्पादन को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी जानकारी प्रदान की। साथ ही किसानों की समस्याओं का वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समाधान भी बताया गया।
इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक डॉ. प्राची ने किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के बीच सीधे संवाद को कृषि क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कृषि में नई तकनीकों और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने तथा अनुभवों के आदान-प्रदान पर बल दिया।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र सुंदरनगर के प्रभारी पंकज सूद, परियोजना निदेशक आत्मा मंडी राकेश पटियाल, उपनिदेशक हितेंद्र तथा सोनम गुप्ता भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिकों के साथ सीधे संवाद का अवसर प्रदान करना, उनकी समस्याओं एवं अनुभवों को समझना तथा प्राकृतिक खेती और वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: