विद्यार्थी जीवन के प्रत्येक क्षण का उपयोग सीखने और बेहतर बनाने के लिए करें: राजेश धर्माणी

ग्राम पंचायत दधोल और पडयालग में लगभग 2 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य पूर्ण

दधोल स्कूल में कॉम्प्लेक्स स्तरीय वार्षिक समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोले तकनीकी शिक्षा मंत्री

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (घुमारवीं /बिलासपुर), 27 नवम्बर। नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि विद्यार्थियों को जीवन के प्रत्येक क्षण का सदुपयोग नई चीजें सीखने तथा अपने ज्ञान और कौशल को निरंतर निखारने के लिए करना चाहिए। जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए केवल एक दिन की मेहनत पर्याप्त नहीं होती, बल्कि निरंतर प्रयास, अनुशासन और आत्म सुधार की भावना आवश्यक है। राजेश धर्माणी आज घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दधोल में आयोजित कॉम्प्लेक्स स्तरीय वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थी अपने जीवन में अच्छे संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक आदतों को अपनाते हैं, तो धीरे-धीरे वे सफलता के उच्च मुकाम तक पहुँचते हैं। शिक्षा और व्यक्तित्व विकास का उद्देश्य केवल आजीविका अर्जित करना नहीं होना चाहिए, बल्कि व्यक्ति को इतना सक्षम बनाना भी होना चाहिए कि वह परिवार के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी बेहतर ढंग से निर्वहन कर सके।

उन्होंने कहा कि ऐसे समर्पित शिक्षकों के प्रयासों से स्थानीय स्कूल के माध्यम से प्रतिभाशाली और बहुआयामी व्यक्तित्व वाले विद्यार्थी तैयार हो रहे हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय भले ही आकार में छोटा हो, लेकिन यहाँ से प्रतिभाशाली और होनहार विद्यार्थी निरंतर जीवन में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विद्यालय भविष्य में भी शिक्षा, खेल और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

ग्राम पंचायत दधोल और पडयालग में लगभग 2 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूर्ण

राजेश धर्माणी ने कहा कि ग्राम पंचायत दधोल और पडयालग में विभिन्न विभागों के माध्यम से अब तक लगभग 2 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं, जबकि कई कार्य टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने पर जल्द शुरू किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के माध्यम से विभिन्न सड़कों एवं अन्य कार्यों पर लगभग 1.56 करोड़ रुपये और जलशक्ति विभाग के माध्यम से लगभग 17 लाख रुपये के विकास कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त हिमुडा के माध्यम से भी लगभग 25 लाख रुपये के कार्य किए गए हैं। बिजली बोर्ड द्वारा छंदोह में एक बड़ा ट्रांसफार्मर तथा दधोल विद्युत सेक्शन के अंतर्गत 6 नए ट्रांसफार्मर भी स्थापित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में विभिन्न विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि मुहैया करवाई गई है। ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इस दिशा में सरकार पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रही है।

समारोह में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दधोल, राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला दधोल, राजकीय उच्च पाठशाला गाहर तथा राजकीय उच्च पाठशाला छंदोह के विद्यार्थी शामिल हुए।

उन्होंने इस दौरान शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया तथा उन्हें बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इससे पहले स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. सुरेश भारद्वाज ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।

इस दौरान विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: