अपने चंबा दौरे के दौरान मैहला और परेल में किया भाजपा सक्रिय सदस्य सम्मेलन को संबोधित
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (चंबा/भरमौर )
12 अप्रैल। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर शनिवार को अपने चंबा प्रवास के दौरान भरमौर पहुँचे और यहाँ मैहला में तीन मंडलों के सक्रिय सदस्य सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी हैं। भाजपा 13 करोड़ से अधिक सदस्यों वाला लोकतांत्रिक संगठन है। देवतुल्य कार्यकर्ता ही हमारी ताकत है। हिमाचल में भी हमने निर्धारित 15 लाख सदस्यों का लक्ष्य पूरा कर इससे कहीं अधिक सदस्य बनाए हैं। मुझे खुशी है कि हमारे कार्यकर्ता पार्टी के काम को बहुत ईमानदारी से निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आपका ये परिश्रम निर्रथक नहीं जाएगा। व्यवस्था पतन का ये दौर जल्द समाप्त होने वाला है। झूठ बोलकर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार आज डगमगाई हुई है। इनको समझ ही नहीं आ रहा है कि कैसे सरकार चलाएं। हम मामूली अंतर से पीछे रह गए। सत्ता पक्ष हमारी आवाज को नहीं दबा सकता है। हम जनहित के मुद्दे उठाते रहेंगे।
आज सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। जनता का भरोसा कांग्रेस सरकार से उठ चुका है। ये फिर आपके बीच आएंगे और झूठे वायदे कर आपको बरगलाने का प्रयास करेंगे। चुनावों से पूर्व भी इन्होंने झूठ बोला और अब भी झूठ बोलकर सरकार चलाना चाहते हैं लेकिन जनता ने अब अढाई साल में ही इनको परख लिया है। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में जो विकास हमारी सरकार के समय हुआ वो आज से पहले कोई नहीं कर पाया। मुख्यमंत्री सिर्फ सैर सपाटे के लिए आते हैं और झूठी घोषणाएं करके जाते हैं। आज ये सड़कों का जाल दुर्गम पहाड़ों पर भी बिछा है तो इसका एक एक पैसा केंद्र से आया है। आपने आज ऐसा विधायक चुनकर भेजा है जो वाई वन गेट टू स्कीम है। एक तो ये विधायक का काम बखूबी निभा रहे हैं और दूसरा विशेषज्ञ चिकित्सक होने के नाते भी इस दुर्गम इलाके में भी आपके घर द्वार मुफ्त सेवा कर रहे हैं। ये न केवल यहां की समस्याओं को सड़क से सदन तक उठाना जानते हैं बल्कि जहां सरकार डॉक्टर नहीं भेज पा रही है वहां ये सेवाएं अपनी जनता को दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे ही जुझारू नेता हमें चाहिये जो लोगों की सेवा कर सके। बाद में उन्होंने परेल में भी जनसभा को संबोधित किया। जहां उन्होंने कहा कि जनमंच जैसे लोकप्रिय कार्यक्रम को बंद कर कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही जनता के दुःख दर्द सुनने ही बंद कर दिये हैं। शिमला के दूरदराज कुपवी में जंगली मुर्गा कांड के बाद हुई फज़ीहत से शायद सरकार अपना गांव के द्वार कार्यक्रम करना ही भूल गई है। इनके पास विकास करने के लिए न पैसा है और न नीति। आज केंद्र से नाबार्ड, सी.आर.एफ., ए.डी बी., वर्ल्ड बैंक, समग्र शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को पैसा केंद्र से आ रहा है। सड़कों के लिए अरबों रुपये हर महीने आ रहे हैं लेकिन फिर भी मुख्यमंत्री कहते हैं कि केंद्र कोई मदद नहीं कर रहा। कोई भी सरकार काम करने के लिए चुनी जाती है लेकिन ये ऐसी पहली सरकार है जो काम बंद करने के लिए जानी जाएगी। हमारे खोले 2000 संस्थान इन्होंने बंद किये। इस दौरान उनके साथ डल्हौजी से विधायक डी एस ठाकुर और भरमौर के विधायक डॉ जनक राज भी उपस्थित रहे। परेल में 32 युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों पर विश्वास जताते हुए पार्टी जॉइन कर ली जिनका पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हार डालकर स्वागत किया।

