35 लाख रुपये की लागत से बने अतिरिक्त भवन का मंत्री राजेश धर्मानी ने किया उद्घाटन
मंत्री धर्मानी बोले— भपराल क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से छह विकास परियोजनाएं आरंभ, सभी कार्य प्रगति पर
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर )
21 मई। प्रदेश सरकार में नगर नियोजक, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्मानी ने मंगलवार को राजकीय उच्च पाठशाला भपराल में 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो कमरों वाले अतिरिक्त भवन का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र की अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है, और यह भवन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस भवन से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण सुविधा मिलेगी, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों में भी रुचि लेने और संतुलित विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मंत्री धर्मानी ने भपराल क्षेत्र को विकास की नई राह पर अग्रसर बताते हुए कहा कि यहां छह प्रमुख विकास परियोजनाएं आरंभ की गई हैं, जिन पर 6 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जा रही है। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं में सुमारी से लोअर भपराल सड़क का निर्माण (लागत: 4.35 करोड़ रुपये), लेठवीं से लंझटा सड़क (लागत: 2.70 करोड़ रुपये), भपराल से तलवाड़ा तक सड़क (लागत: 5 लाख रुपये), रिडू गडेड़ से बड़ोग तक सीसी पेवमेंट कार्य (लागत: 20 लाख रुपये), बानी बोणी से बन पंडिता तक सीसी पेवमेंट (लागत: 10 लाख रुपये) और हेल्थ सब सेंटर भपराल (लागत: 25.50 लाख रुपये) शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह सभी कार्य प्रगति पर हैं और सरकार द्वारा तय की गई समयसीमा के भीतर पूर्ण कर लिए जाएंगे।
मंत्री धर्मानी ने समारोह के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष जोर दे रही है और इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की अधोसंरचना को मजबूत करने, स्मार्ट क्लासरूम, लैब सुविधाएं और प्रशिक्षित स्टाफ की नियुक्ति जैसे कदम इसी दिशा में उठाए जा रहे हैं।

