दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, कंडाघाट में दीपावली के उपलक्ष्य में विशेष प्रातःकालीन सभा का आयोजन

दीपावली के संदेशों और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश

डेली पब्लिक लाइव न्यूज (कंडाघाट) 6 नवंबर। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, कंडाघाट में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा प्राप्त परिपत्र के निर्देशानुसार दीपावली के उपलक्ष्य में विशेष प्रातःकालीन सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए दीपावली के सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक महत्व को उजागर किया।

विशेष सभा का संचालन कक्षा चौथी के विद्यार्थियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की हेड गर्ल ने दीपावली के अवसर पर अपनाए जाने वाले क्या करें और क्या न करें (Dos and Don’ts) विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षित दीपावली मनाने, पटाखों के प्रयोग से बचने, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया।

सभा में दीपावली से संबंधित प्रेरणादायक नारों का उच्चारण एक विद्यार्थी द्वारा किया गया, जिसे अन्य विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से दोहराया। इसके अतिरिक्त कक्षा चौथी के विद्यार्थियों ने दीपावली से संबंधित संदेशों वाले आकर्षक प्लेकार्ड प्रदर्शित किए। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेम, सद्भाव, प्रकाश, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। कक्षा 6 से लेकर 12 तक के वीिद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोली प्रतियोगिता में भाग लिया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपाली साहा ने विद्यार्थियों को दीपावली के वास्तविक महत्व से परिचित करवाते हुए सुरक्षित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि अज्ञानता पर ज्ञान, निराशा पर आशा और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी.आर. गुप्ता तथा समिति सदस्य प्रमोद कुमार एवं श्री मुकेश कुमार ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से त्योहार को खुशियों, आपसी भाईचारे और पर्यावरण संरक्षण के साथ मनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन दीपावली के मंगलमय संदेश एवं सभी के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: