बिलासपुर में हिमाचल के पहले स्टेट लेवल यूनिफाइड गेम्स 2024–25 का आयोजन

मंत्री राजेश धर्मानी ने झंडा फहराकर यूनिफाइड गेम्स किया शुभारंभ

बच्चों को ग्लोबल मंच पर प्रतिस्पर्धा योग्य बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जरूरी” – राजेश धर्मानी

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर )22 मई। हिमाचल प्रदेश के पहले राज्य स्तरीय यूनिफाइड गेम्स 2024–25 का आयोजन बिलासपुर के कहलूर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जा रहा है।
नगर नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्मानी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए झंडा फहराकर तीन दिवसीय यूनिफाइड गेम्स 2024–25 का विधिवत उद्घाटन किया।

22 से 25 मई, 2025 तक आयोजित होने वाले इन यूनिफाइड गेम्स का आयोजन समग्र शिक्षा (ISSE), हिमाचल प्रदेश द्वारा स्पेशल ओलंपिक्स भारत के सहयोग से किया गया है। इसका उद्देश्य विशेष सक्षम और सामान्य बच्चों को एक साझा मंच प्रदान कर समावेश, समानता और सहयोग को बढ़ावा देना है।

प्रदेश के 10 जिलों से 300 से अधिक एथलीट्स इन खेलों में भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिताएं बैडमिंटन, फुटबॉल, बॉचे, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स जैसे खेलों में आयोजित की जा रही हैं।

राज्यमंत्री राजेश धर्मानी ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन विशेष बच्चों को आत्मविश्वास और पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समावेशी शिक्षा और खेलों को प्राथमिकता दे रही है तथा विशेष सक्षम बच्चों को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि आज का युग वैश्विक प्रतिस्पर्धा का है, जहां बच्चों को केवल राज्य या राष्ट्रीय स्तर पर ही नहीं, बल्कि ग्लोबल लेवल पर प्रतिस्पर्धा करने योग्य बनाना होगा। इसके लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समग्र विकास पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।
राजेश धर्मानी ने कहा कि फिजिकल एजुकेशन और म्यूजिक अब मात्र मनोरंजन के साधन नहीं, बल्कि शिक्षा का आवश्यक अंग बन चुके हैं। इस प्रकार के आयोजनों से प्रत्येक बच्चे को सक्षम और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा घोषित इस वर्ष के बजट में बिलासपुर में स्पोर्ट्स हॉस्टल की स्थापना का प्रावधान किया गया है, जो खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि घुमारवीं में डिजिटल यूनिवर्सिटी ऑफ इनोवेशन, एंटरप्रेन्योरशिप, स्किल एंड वोकेशनल स्टडीज़ की स्थापना की जाएगी। यह यूनिवर्सिटी छात्रों को नवीनतम तकनीकों, स्टार्टअप संस्कृति और उद्योग आधारित कौशल से लैस करेगी। यह पहल ग्रामीण और शहरी छात्रों को समान अवसर प्रदान करेगी और रोज़गार के नए रास्ते खोलेगी।इस अवसर पर पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, हिमुडा के डायरेक्टर जितेंद्र चंदेल, जिला परिषद सदस्य गौरव शर्मा, एडीसी उमाकांत ठाकुर, समग्र शिक्षा की प्रोजेक्ट ऑफिसर निशा गुप्ता, डिप्टी डायरेक्टर रेनू कौशल सहित सभी जिलों से आए एथलीट्स, उनके साथ आए अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

error: