विधायक मलेंद्र राजन ने रखी 20 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं की आधारशिला

स्वयं सहायता समूहों को वितरित की सिलाई मशीनें

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (इंदौरा )24 मई। विधायक मलेंद्र राजन ने आज विकास खंड कार्यालय इंदौरा में लगभग 20 लाख रुपये की लागत की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का शिलान्यास किया। विकास योजनाओं के अंतर्गत 10 लाख रुपये से टाइप-I क्वार्टरों का निर्माण किया जाएगा।वहीं,1.87 लाख रुपये से टाइप-II आवास भवन तथा 95 हजार रुपये की लागत से रिकार्ड कक्ष का मरम्मत कार्य किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 7 लाख रुपये की लागत से एक नया स्वंय सहायता समूह विक्रय केंद्र भी स्थापित किया जाएगा।
विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि आवास भवनों के निर्माण से जहां सरकारी अधिकारियों व कर्मचारियों को बेहतर आवास सुविधाएं मिल सकेंगी वहीं स्वंय सहायता समूह विक्रय केंद्र महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
मलेंद्र राजन ने कहा कि राज्य सरकार गांव, गरीब और ग्रामीण युवाओं के चहुंमुखी विकास को प्रतिबद्ध है और विधानसभा क्षेत्र में हर पंचायत तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय ज़रूरतों और जनभावनाओं के अनुरूप योजनाएं तैयार की जा रही हैं, जिनका क्रियान्वयन तेज़ गति से किया जाएगा।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ठोस पहल करते हुए विधायक ने लगभग 6 लाख रुपये की 12 सिलाई मशीनें विभिन्न स्वयं सहायता समूहों को वितरित की। यह पहल महिलाओं को स्वरोजगार की दिशा में न केवल प्रेरित करेगी, बल्कि उन्हें आर्थिक आत्मनिर्भरता भी प्रदान करेगी।
इसके उपरांत, विधायक मलेंद्र राजन भड़वार स्थित नागनी माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मां के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इसके पश्चात वे ट्रक यूनियन डमटाल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम में बीडीओ सुदर्शन सिंह,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दविंदर मनकोटिया,महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता कटोच,पंचायत प्रधान भूपल कटोच,पूर्व उप-प्रधान मनोहर सिंह,कांग्रेस नेता विजय कुमार,नरेंद्र शर्मा,अनिल कटोच,उमाकांत सूदन,ब्लॉक कार्यालय का समस्त स्टाफ, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

error: