उपमंडल सदर में तीन पटवार सर्किलों की राजस्व समस्याओं पर सुनवाई, मौके पर 38 राजस्व मामलों का त्वरित निपटारा

उपमंडल सदर में तीन पटवार सर्किलों की राजस्व समस्याओं पर सुनवाई, मौके पर 38 राजस्व मामलों का त्वरित निपटारा

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर )
30 मई। उपमंडल सदर की राजपुरा पंचायत में शुक्रवार को राजस्व लोक अदालत का आयोजन किया गया, जिसमें पटवार सर्किल राजपुरा, छाड़ोल और जामली से संबंधित राजस्व मामलों की सुनवाई की गई। इस मौके पर कुल 38 राजस्व मामलों का त्वरित निपटारा किया गया।
यह जानकारी उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि म्यूटेशन, सीमांकन, भूमि बंटवारे और राजस्व रिकॉर्ड में त्रुटियों जैसी समस्याओं को लेकर आम जनता को बार-बार पटवारी, कानूनगो और तहसील कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इन समस्याओं का समय पर समाधान न होने के कारण लोगों में असंतोष बना रहता है।
उपायुक्त ने बताया कि इन्हीं समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुए राज्य सरकार द्वारा राजस्व लोक अदालतों की अभिनव पहल शुरू की गई है, जिसके तहत जिला प्रशासन नियमित रूप से पंचायत स्तर पर ऐसे शिविर आयोजित कर रहा है। इन शिविरों में संबंधित राजस्व अधिकारी मौके पर ही मामलों की सुनवाई कर उनका समाधान करते हैं।
उन्होंने बताया कि जिला बिलासपुर में 1 मार्च 2024 से अब तक 2922 म्यूटेशन, 65 भूमि बंटवारे, 241 सीमांकन तथा 37 राजस्व रिकॉर्ड सुधार मामलों का निपटारा किया जा चुका है। यह प्रक्रिया सतत जारी है और प्रत्येक माह विभिन्न पंचायतों में राजस्व लोक अदालतें आयोजित की जा रही हैं।उपायुक्त राहुल कुमार ने आम जनता से आग्रह किया कि वे इन शिविरों में भाग लेकर अपने दस्तावेज़ों व समस्याओं को मौके पर प्रस्तुत करें, ताकि उन्हें बार-बार कार्यालयों या न्यायालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और समय पर न्याय मिल सके।
लोक अदालत में तहसीलदार सदर बाल कृष्ण सहित विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

error: