तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने किया खगोल क्लब का शुभारंभ

छात्रों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागी नई चेतना

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (घुमारवीं/ बिलासपुर )
13 जून । घुमारवीं शिक्षा क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण दिन रहा, जब वीरवार देर शाम हिमाचल प्रदेश सरकार के तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, घुमारवीं तथा राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, घुमारवीं में खगोल क्लब (Astronomy Club) का विधिवत शुभारंभ किया। यह पहल भारती एयरटेल फाउंडेशन एवं समग्र शिक्षा, हिमाचल प्रदेश के सहयोग से संचालित क्वालिटी सपोर्ट प्रोग्राम के अंतर्गत आरंभ की गई है।

इस अवसर पर श्री धर्माणी ने कहा,
“खगोल विज्ञान न केवल ज्ञानवर्धक है, बल्कि यह विद्यार्थियों में तार्किक एवं वैज्ञानिक सोच विकसित करने का एक अत्यंत प्रभावशाली माध्यम है। खगोल क्लब विद्यार्थियों की कल्पनाओं को साकार करने और उन्हें अनुसंधान की दुनिया से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

मंत्री महोदय ने यह भी कहा कि आज के बच्चे कल के वैज्ञानिक हैं, और ऐसे क्लब उन्हें ISRO, NASA जैसी संस्थाओं तक पहुंचाने की प्रेरणा बन सकते हैं। उन्होंने खगोल विज्ञान को युवाओं के लिए एक संभावनाओं से भरा करियर विकल्प बताते हुए कहा कि छात्र खगोल वैज्ञानिक, खगोल भौतिकशास्त्री और उपग्रह अभियंता जैसे प्रतिष्ठित क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बना सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विशेष खगोल दूरबीन (Astronomical Telescope) की सहायता से पूर्णिमा के चंद्रमा का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। इस गतिविधि के माध्यम से उन्होंने चंद्रमा की सतह, गड्ढों तथा उसकी भौगोलिक विशेषताओं का सूक्ष्म अवलोकन किया। दूरबीन की कार्यप्रणाली को भी सरल भाषा में समझाया गया, जिससे छात्रों की वैज्ञानिक जिज्ञासा और गहराई से प्रज्वलित हुई।

श्री धर्माणी ने बताया कि आगामी समय में खगोल क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों को आकाश दर्शन (Skywatching), ग्रहों और तारों की पहचान, विशेषज्ञों से संवाद, अंतरिक्ष विषयक कार्यशालाएं तथा शैक्षणिक यात्राएं जैसी रोचक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।

इस अवसर पर दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अध्यापकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने इस अभिनव पहल का गर्मजोशी से स्वागत किया और इसे शिक्षा क्षेत्र में एक सशक्त नवाचार बताया।

कार्यक्रम के अंत में तकनीकी शिक्षा मंत्री ने खगोल क्लब के सतत संचालन, तकनीकी संसाधनों की उपलब्धता एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

“यह खगोल क्लब न केवल विद्यार्थियों के सपनों को पंख देगा, बल्कि उन्हें नये क्षितिजों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा,” – ऐसा विश्वास श्री धर्माणी ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी एवं उपनिदेशक गुणवत्ता शिक्षा निशा गुप्ता, एनआईटी हमीरपुर से प्रोफेसर कुलदीप एवं प्रोफेसर डॉ. अरुण मदन लाल शर्मा, भारती एयरटेल फाउंडेशन के प्रतिनिधि मनदीप, सैमुअल, संतोष, संसार पठानिया तथा डाइट स्कूल के प्रधानाचार्य राकेश मनकोटिया, कार्यक्रम समन्वयक चंद्रकांत, कन्या पाठशाला के प्रधानाचार्य परमजीत शर्मा एवं स्कूल प्रशासन को भी धन्यवाद एवं शुभकामनाएं दी गईं। श्री धर्माणी ने कहा कि इन सभी की सक्रिय भागीदारी और समर्पण से ही यह अभिनव कार्यक्रम सफल हो पाया है।

error: