कहा…आपदा की इस दुखद घड़ी में प्रदेश सरकार प्रत्येक प्रभावित के साथ खड़ी है
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर ) 07 सितंबर। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह घुमारवीं में जन समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आमजन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समयबद्ध निपटारे के निर्देश दिये।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का निपटान करना उनकी प्राथमिकता में है। जब भी वह अपने चुनाव क्षेत्र में होते हैं तो सर्वप्रथम लोगों से मिलना तथा उनकी समस्याओं को सुनना एवं निपटारा करना हमेशा पहली प्राथमिकता में रहता है।
उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वह आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित बनाएं ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर हल करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में है।
राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश में आई प्राकृतिक आपदा में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है तथा उनकी हरसंभव मदद करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घुमारवीं विधान सभा क्षेत्र में भी लोगों को भारी बरसात के कारण नुकसान उठाना पड़ा है, उन्हें भी सरकार की ओर से हरसंभव सहायता प्रदान करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारियों को बरसात से हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दे दिए गए हैं ताकि कोई प्रभावित परिवार आपदा राहत से वंचित न रहे। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग एवं जलशक्ति विभाग को भारी बरसात के कारण बंद पड़ी सड़कों एवं प्रभावित पेयजल आपूर्ति योजनाओं को जल्द बहाल करने के भी निर्देश दिए हैं।

