प्रदेश के मंडी, हमीरपुर, शिमला सहित कई क्षेत्रों में भारी तबाही ….मुख्यतिथि ने कहा मेरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिवारों के साथ

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (शिमला ) 16 सितम्बर। बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने मंडी, हमीरपुर, शिमला सहित कई क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई है। धर्मपुर में एक व्यक्ति के लापता होने और निहरी में तीन लोगों के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है, जबकि दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि मेरी संवेदनाएँ शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।

लापता व्यक्ति की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
बारिश से जन-धन का भारी नुक़सान हुआ है। मैंने प्रशासन को सभी प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं।
कल रात शिमला में स्वयं इस बारिश की भयावहता को महसूस किया। सचमुच, यह हमारे प्रदेश के लिए बेहद कठिन समय है। मौसम की बदली परिस्थितियों ने तबाही का नया मंज़र खड़ा कर दिया है, जिसे देखकर मन बेहद व्यथित है।
मैं प्रदेशवासियों को भरोसा दिलाना चाहता हूँ कि हम सब मिलकर इस संकट को पार करेंगे।
मौसम विभाग ने आज भी कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। आप सभी से निवेदन है कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित रहें।

