किन्नौर जिला के उपायुक्त कार्यालय रिकांग पिओ में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बैठक आयोजित
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (रिकांगपिओ ) 26 सितंबर ।
उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आज रिकांग पिओ स्थित उपायुक्त कार्यालय सभागार कक्ष में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बैठक का आयोजन किया गया जिसमें किन्नौर जिला में नशे की रोकथाम व नशे के दुष्प्रभावों से लोगों को जागरूक करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि समाज में नशे के बढ़ते प्रचलन व युवाओं का इसमें लिप्त होना गहन चिंता का विषय है। नशे की रोकथाम के लिए जितना योगदान प्रशासन, पुलिस व विद्यालयों का होता है उतना ही योगदान अभिभावकों का भी रहता है। अभिभावकों का अपने बच्चों की सामाजिक जिंदगी का ध्यान रखना व बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों बारे जागरूक करने से युवाओं को नशे से दूर रखा जा सकता है।
उपायुक्त ने पुलिस, शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपस में बेहतर समन्वय स्थापित करें और जिला के लोगों विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए समय-समय पर जागरूकता शिविरों का आयोजन करें। उन्होंने पुलिस विभाग को खुफिया तंत्र को मजबूत कर सिंथेटिक ड्रग्स जैसे चिटटा को जड़ से समाप्त करने व स्वास्थ्य विभाग को युवाओं तथा बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति काउंसलिंग करने के निर्देश दिए ताकि नशा ग्रसित युवाओं के प्रति समाज नकारात्मक दृष्टिकोण से परहेज करें और मानवीय दृष्टिकोण अपना कर उनके पुनर्वास, कौशल विकास और नशा मुक्ति की और उन्हें प्रेरित करें ताकि एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव हो सके।
पुलिस अधीक्षक किन्नौर अभिषेक शेखर ने भी इस अवसर पर उनके विभाग द्वारा जिला से नशे को जड़ से समाप्त करने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया ताकि युवा पीढ़ी को नशे की बढ़ती प्रवृति से बचाया जा सके और नव चेतना माड्यूल को धरातल पर लागू करने पर बल दिया ताकि स्थानीय छात्र-छात्राओं पर इसका सकारात्मक प्रभाव पड सके।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी कल्पा अमित कल्थाईक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश नेगी, ड्रग निरीक्षक विद्या सेन नेगी, उपनिदेशक उच्चतर शिक्षा कुलदीप सिंह डोगरा, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा डा अरुण गौतम, आयुष विभाग के अधीक्षक सुरेंद्र मेहता, जिला युवा अधिकारी शुभम चंद्रन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

