समर्थ 2025 के अंतर्गत सुरक्षित निर्माण मॉडल विषय पर प्रतियोगिताएं 30 सितम्बर से – राहुल जैन
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सोलन ) 29 सितम्बर। हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण प्रथम अक्तूबर से 31 अक्तूबर, 2025 तक ‘समर्थ’ 2025 आयोजित कर रहा है। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त सोलन एवं ज़िला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राहुल जैन ने दी।
राहुल जैन ने कहा कि इस जन जागरूकता अभियान ‘समर्थ’ के अंतर्गत लोगों को आपदा प्रबंधन के बारे में जागरूक करने के उद्देश्य से प्रदेश सहित ज़िला सोलन में विभिन्न स्तरों पर सुरक्षित निर्माण मॉडल विषय पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। यह प्रतियोगिताएं खण्ड, ज़िला एवं राज्य स्तर पर आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में उच्च विद्यालय, वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा महाविद्यालय स्तर की श्रेणियों में प्रतियोगिता होगी।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि खण्ड स्तर की प्रतियोगिता का आयोजित 30 सितम्बर, 2025 को होगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के लिए खण्ड स्तर पर सम्बन्धित उपमण्डलाधिकारी अध्यक्ष तथा सम्बन्धित खण्ड विकास अधिकारी सदस्य सचिव होंगे।
उन्होंने कहा कि ज़िला स्तर की प्रतियोगिता 04 अक्तूबर, 2025 को उपायुक्त कार्यालय सोलन के सभागार में प्रातः 11.30 बजे से आयोजित की जाएगी। ज़िला स्तर की प्रतियोगिता के लिए गठित समिति की अध्यक्षता उपायुक्त करेंगे जबकि ज़िला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी सदस्य सचिव होंगे।
राहुल जैन ने कहा कि राज्य स्तर की प्रतियोगिता 08 अक्तूबर, 2025 को आयोजित की जाएगी।
प्रत्येक खण्ड से सभी तीनों श्रेणियों के सर्वश्रेष्ठ मॉडल ज़िला स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

