राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव का आयोजन 30 अक्टूबर से 02 नवम्बर तक रिकांगपिओ में
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (रिकांगपिओ ) 01 अक्टूबर । आगामी 30 अक्टूबर से 02 नवम्बर तक चार दिवसीय राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज किन्नौर महोत्सव कमेटी के अध्यक्ष एवं उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में रिकांगपिओ में बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव के सफल आयोजन हेतु सभी तैयारियों और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव के दौरान 30 और 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय जनजातीय उत्सव भी मनाया जाएगा। इसका उद्देश्य जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, परंपराओं और लोक जीवन को संरक्षित और प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर जनजातीय शिल्प उत्पाद, कला और संस्कृति प्रदर्शनी, जनजातीय फिल्म प्रलेखन, साहित्य, वनों से प्राप्त उत्पाद, पारंपरिक खाद्य व्यंजन और जनजातीय चिकित्सा पद्धतियों की प्रदर्शनी और अन्य सांस्कृतिक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
बैठक में महोत्सव के आयोजन से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। इसमें उद्घाटन और समापन समारोह के मुख्य अतिथि का चयन, मेला स्थल का निर्धारण, विभागों से सहयोग, उप-समितियों का गठन, स्मारिका प्रकाशन, खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन, मेला परिसर की सजावट, विभागीय और व्यावसायिक प्रदर्शनी, स्टार नाइट के लिए कलाकारों का चयन, सांस्कृतिक दलों के ठहरने की व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, परिवहन प्रबंधन, स्वागत व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति और पुरस्कार वितरण जैसी व्यवस्थाएँ शामिल रही।
इसके अतिरिक्त बैठक में मिस किन्नौर प्रतियोगिता, जिला भाषा विभाग द्वारा वाद्य यंत्र प्रतियोगिता और अन्य विविध सांस्कृतिक गतिविधियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। महोत्सव के आयोजन से जिले की सांस्कृतिक धरोहर को व्यापक पहचान मिलने के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों और उद्यमियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। साथ ही, सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार हेतु विभागीय प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
महोत्सव की तैयारियों को और सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न उप-समितियों का गठन किया गया, जिनमें गैर-सरकारी सदस्य भी शामिल किए गए ताकि उनकी बहुमूल्य राय से आयोजन और अधिक सफल बनाया जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी पूह रविंद्र कुमार ठाकुर, सहायक आयुक्त डॉ. ओ.पी. यादव, परियोजना अधिकारी आई.टी.डी.पी. घनश्याम दास, उपमंडल अधिकारी (ना.) निचार नारायण सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी और गैर-सरकारी सदस्य प्रीतम्बर दास, विक्रम सिंह, डॉ. सूर्या बोरिस, हितेश नेगी, निर्मल नेगी, कुमारी सरोज नेगी, कुलवंत नेगी, सुखदेव व अन्य गैर सरकारी उपस्थित रहे।

