दीपावली एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कंडाघाट ) 17 अक्तूबर। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, कंडाघाट में दीपावली के पावन अवसर पर विभिन्न रंगारंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के चारों हाउस — नर्मदा हाउस, ब्रह्मपुत्र हाउस, कावेरी हाउस और यमुना हाउस ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी सृजनात्मकता एवं टीम भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।


स्कूल प्रधानाचार्या रूपाली साहा की अगुवाई में हुए कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन और माँ लक्ष्मी की आराधना के साथ हुआ। विद्यालय परिसर दीपों, फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से जगमगा उठा। सभी हाउसों ने मिलकर सुंदर रंगोली सजाई और दीप एवं कैंडल मेकिंग, कार्ड मेकिंग जैसी विभिन्न गतिविधियों में अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


ग्रेड 1 और 2 के विद्यार्थियों ने आकर्षक कैंडल मेकिंग और दीया मेकिंग प्रतियोगिता में भाग लिया, जबकि ग्रेड 3, 4 और 5 के छात्रों ने कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता में अपनी रचनात्मकता दिखाई। वरिष्ठ छात्रों द्वारा बनाई गई रंगोलियों ने कार्यक्रम की शोभा को और भी बढ़ा दिया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, परंपरा और सृजनशीलता के प्रति रुचि और सम्मान की भावना विकसित करना था। सभी हाउसों द्वारा प्रस्तुत की गई साज-सज्जा, रंगोलियाँ और उत्सव की तैयारी काबिले-तारीफ रहीं।
प्रधानाचार्या श्रीमती रूपाली शाहा एवं शिक्षकों ने छात्रों की मेहनत, रचनात्मकता और टीमवर्क की सराहना की तथा सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं। यह कार्यक्रम दीपावली के उत्सव के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए एकता, सहयोग और सृजनशीलता का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डी.आर. गुप्ता, समिति सदस्य प्रमोद कुमार और मुकेश राणा ने सभी को धनतेरस और दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।


