विकास कार्यों में तेजी लाने को एसडीएम ने की सभी विभागों के साथ समीक्षा बैठक

विकास कार्यों में तेजी लाने को एसडीएम ने की सभी विभागों के साथ समीक्षा बैठक

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (जोगिंदर नगर/ मंडी ) 14 नवंबर । एसडीएम जोगिंदर नगर मनीश चौधरी ने आज जोगिंदर नगर उपमंडल के सभी विभागाध्यक्षों के साथ विकासात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, योजनाओं और जनकल्याण से जुड़े कार्य की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

एसडीएम ने सभी विभागों से उनके स्तर पर लंबित कार्यों का पूर्ण ब्यौरा प्रस्तुत करने को कहा तथा इन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि देरी किसी भी परिस्थिति में जनहित के विपरीत है, इसलिए अधिकारी समयसीमाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।

इसके साथ ही एसडीएम मनीश चौधरी ने उन कार्यों पर भी विशेष जोर दिया, जो पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि समय पर उपयोगिता प्रमाण पत्र (यूसी) जारी न होने से कई बार आगामी बजट स्वीकृतियों में बाधा उत्पन्न होती है। इसलिए सभी विभाग अपने-अपने पूर्ण कार्यों का उपयोगिता प्रमाण पत्र तुरंत जारी करें।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता लोगों तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुँचाना है। सभी विभाग जनता के कल्याण और विकास कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाएं।साथ ही उन्होंने कहा कि जनहित सर्वोपरि है और सभी विभागों को टीम भावना के साथ कार्य करना है। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत कार्य योजनाओं की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान बीडीओ चौंतड़ा अनुभव, तहसीलदार जोगिंदर नगर रजत सेठी, तहसीलदार लड़भड़ोल मुकुल शर्मा के साथ अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।

error: