विधायक ने उतराला स्कूल में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बैजनाथ/ कांगड़ा )15 नवंबर ।
प्रदेश सरकार शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ एवं उन्नत बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। यह बात विधायक बैजनाथ किशोरी लाल ने आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय उतराला में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है और इसी उद्देश्य से विद्यालयों में आधारभूत ढाँचे का विस्तार, तकनीकी सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण तथा शिक्षण पद्धतियों के आधुनिकीकरण पर विशेष बल दिया जा रहा है।

उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के अधिकांश विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाओं की स्थापना, कंप्यूटर लैबों का उन्नयन, डिजिटल शिक्षण सामग्री का विस्तार, विद्यालय भवनों का नवीनीकरण, शौचालय एवं पेयजल सुविधाओं का सुधार, खेल मैदानों का विकास और छात्रवृत्ति योजनाओं का विस्तार सरकार की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा प्रणाली का विकास तभी संभव है जब सरकार और समाज मिलकर कार्य करें। उन्होंने विद्यालय द्वारा शैक्षणिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों की प्रशंसा की और प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
विद्यार्थियों ने देशभक्ति, नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता एवं सांस्कृतिक विरासत पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं एवं कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक, खेल तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विधायक किशोरी लाल द्वारा सम्मानित किया गया।
विधायक किशोरी लाल ने विद्यालय को प्रोत्साहन स्वरूप 11 हजार रुपए राशि देने की घोषणा की।
उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल विद्यार्थियों की रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी प्रसारित करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थी क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करने की क्षमता रखते हैं तथा इन्हें आवश्यक सुविधाएँ और मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना सरकार और समाज की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव आचार्य ने मुख्यातिथि का स्वागत किया एवं वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें वर्षभर की शैक्षणिक उपलब्धियों, बोर्ड परीक्षा परिणामों, खेल प्रतियोगिताओं में प्राप्त उपलब्धियों तथा अन्य गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा दिया गया।
इस अवसर पर प्रधान उतराला ओम प्रकाश, उप प्रधान उतराला बिट्टू, एस एम सी प्रधान रेखा, कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता रमेश चड्ढा, केहर सिंह, सुनील, हाकम राम, राजेश सिंह, संतोष व्यास, कृष्ण, कमर सिंह, सह मीडिया प्रभारी अजय गौड़ सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, अध्यापक, अभिभावक तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।


