हमीरपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत में 3669 केसों का निपटारा

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (हमीरपुर )13 दिसंबर। अदालतों में लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए शनिवार को जिला हमीरपुर के तीन न्यायिक परिसरों हमीरपुर, नादौन और बड़सर में भी राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई गई। जिला एवं सत्र न्यायधीश और जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष भुवनेश अवस्थी की अध्यक्षता में लगाई गई इन लोक अदालतों में कई केसों की सुनवाई की गई तथा कई मामलों का त्वरित निपटारा कर दिया गया।

जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान सुनवाई के लिए आए कुल 7819 केसों में से 3669 का त्वरित निपटारा कर दिया गया। इन केसों में 1,99,91,865 रुपये की राशि वसूली गई।
कुलदीप शर्मा ने बताया कि इनमें से प्री-लिटिगेशन के 683 मामलों की सुनवाई हुई, जिनमें से 217 का निपटारा कर दिया गया। इनमें 43,57,523 रुपये की राशि वसूल की गई। पोस्ट-लिटिगेशन के 536 मामलों में से 431 का निपटारा कर दिया गया और इनमें 1,35,61,642 रुपये की राशि वसूली गई। मोटर वाहन अधिनियम के 6600 केसों में से 3021 केस निपटा दिए गए और इनमें 20,72,700 रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत एक बहुत ही अच्छा माध्यम है। समय-समय पर राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई जाती है। लोगों को इनका लाभ उठाना चाहिए। इससे उनके समय और धन की बचत होगी।


