जोगिंदर नगर में ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (जोगिंदर नगर/मंडी ) 29 दिसंबर।उपमंडल जोगिंदर नगर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित तीन दिवसीय ‘पोषण भी, पढ़ाई भी’ प्रशिक्षण कार्यशाला का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यशाला का आयोजन 26 से 29 दिसंबर तक किया गया, जिसमें उपमंडल जोगिंदर नगर की 70 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

समापन अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) चौंतड़ा बालम राम वर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि इस कार्यशाला का वास्तविक महत्व तभी सिद्ध होगा, जब प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को आंगनबाड़ी केंद्रों में व्यवहारिक रूप से लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय कार्यशाला के प्रथम दिन पढ़ाई, दूसरे दिन पोषण तथा अंतिम दिन पोषण एवं पढ़ाई विषयों पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण मिशन पोषण 2.0 के लक्ष्य की प्राप्ति तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से दी जाने वाली सेवाओं की गुणवता में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अंतिम दिन कुल चार मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान पर्यवेक्षक एवं मास्टर ट्रेनर चूड़ामणि ने दिव्यांग बच्चों की स्क्रीनिंग, समावेशन एवं रेफरल प्रक्रिया की जानकारी दी। पर्यवेक्षक रीना देवी ने जन्म से तीन वर्ष (0–3) तक के बच्चों के लिए नवचेतना एवं गतिविधि उत्तेजना कैलेंडर पर विस्तृत जानकारी साझा की। वहीं पर्यवेक्षक राहुल ठाकुर ने बच्चों के मूल्यांकन तथा सीखने के परिणामों पर प्रकाश डाला। अंत में पर्यवेक्षक संतोष कुमारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों को लर्निंग सेंटर के रूप में विकसित करने हेतु अन्य राज्यों की सर्वोत्तम प्रथाओं से अवगत कराया।
इस प्रशिक्षण कार्यशाला के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बाल-केंद्रित, व्यवहारिक एवं रोचक शिक्षण तकनीकों से सशक्त किया गया, जिससे प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।


