आदर्श पंचायतों की स्थापना के दृष्टिकोण के साथ पूरी गंभीरता से कार्य करें पंचायत प्रतिनिधि
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने नव-निर्वाचित प्रधानों तथा उप-प्रधानों को दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर ) 15 जून। नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज बिलासपुर स्थित बहुउद्देशीय भाषा एवं संस्कृति भवन के सभागार (ऑडिटोरियम) में जिला के नव-निर्वाचित प्रधानों एवं उप-प्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए राजेश धर्माणी ने कहा कि ग्राम पंचायतें सबसे जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास एवं जनकल्याण को समर्पित सरकार अनेक योजनाएं लेकर आती है, लेकिन प्रभावी क्रियान्वयन के अभाव में इन योजनाओं का लाभ लक्षित वर्ग तक समयबद्ध रूप से नहीं पहुंच पाता। ऐसे में विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान अनेक प्रकार के अंतराल एवं चुनौतियां सामने आती हैं, जिन्हें दूर करने में ग्राम पंचायतें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने कहा कि मतदाताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच गहरा संबंध होता है तथा मतदाताओं की आस्था, विश्वास और अपेक्षाओं को पंचायत प्रतिनिधियों को सदैव समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का निर्णय लेते समय पंचायत प्रतिनिधियों को समाज के सबसे कमजोर एवं जरूरतमंद व्यक्ति को केंद्र में रखना चाहिए।
राजेश धर्माणी ने पंचायत प्रतिनिधियों से राजनीतिक प्रतिशोध से ऊपर उठकर समाज की सामूहिक जिम्मेदारी निभाने तथा गांव के सबसे जरूरतमंद व्यक्ति एवं परिवार के हित में न्यायपूर्ण कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से गांवों के सतत विकास, प्राकृतिक संसाधनों के आवश्यकता से अधिक दोहन को रोकने तथा आर्थिक रूप से सशक्त ग्राम पंचायतों के निर्माण के लिए कार्य करने की अपील की। साथ ही पंचायतों से ऐसी गतिविधियों पर धनराशि व्यय करने को कहा, जिनसे आय के स्रोत सृजित हों और भविष्य में पंचायतें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बन सकें। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि आदर्श ग्राम पंचायतों एवं आदर्श गांवों के निर्माण के दृष्टिकोण के साथ कार्य करें।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ‘हिम परिवार’ के तहत प्रथम चरण में 1.20 लाख ऐसे परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर जोड़ रही है, जिनमें विधवा, अनाथ, परित्यक्त महिलाएं, गंभीर बीमारियों से पीड़ित व्यक्ति तथा मनरेगा में 90 दिन कार्य करने वाले परिवार शामिल हैं।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से कचरा मुक्त पंचायतों के निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा बेटियों के प्रति भेदभाव रहित वातावरण स्थापित करने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कई ग्राम पंचायतों में कन्या शिशु लिंगानुपात की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है, जिस पर गंभीरता से कार्य किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से कन्या भ्रूण हत्या रोकने, बेटियों के प्रति व्याप्त भेदभावपूर्ण मानसिकता को समाप्त करने तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, न्याय एवं विकास के समान अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हरित आवरण को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने सामाजिक भागीदारी के माध्यम से महिला एवं युवक मंडलों को जोड़ते हुए राजीव गांधी वन संवर्धन योजना को शुरू किया है, पंचायतें इस योजना के बेहतर क्रियान्वयन में भी अहम भूमिका निभा सकती है।
राजेश धर्माणी ने नशा मुक्त पंचायतों के निर्माण के लिए पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर गंभीरता से कार्य करने का आह्वान किया, ताकि समाज से इस सामाजिक बुराई का संपूर्ण उन्मूलन किया जा सके। उन्होंने भूमिहीन परिवारों को भूमि उपलब्ध करवाने के लिए भी सरकार को सहयोग प्रदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए प्रदेश सरकार ने विभिन्न सरकारी विभागों के पास उपलब्ध अतिरिक्त भूमि को वापस लेकर राजस्व विभाग के नाम हस्तांतरित करने हेतु एक मंत्रिमंडलीय उप-समिति का गठन किया है, ताकि भूमिहीन परिवारों को भूमि उपलब्ध करवाई जा सके।
इससे पहले उन्होंने नव-निर्वाचित प्रधानों एवं उप-प्रधानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। साथ ही नशा मुक्त हिमाचल के निर्माण के लिए भी सभी को शपथ दिलाते हुए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा समारोह के आयोजन संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इससे पूर्व तकनीकी शिक्षा मंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक रणधीर शर्मा, जीत राम कटवाल, त्रिलोक जम्वाल, प्रदेश कांग्रेस महासचिव विवेक कुमार, विकास ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान, गुड़िया सक्षम बोर्ड की उपाध्यक्ष अरुणा महाजन, जिला बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर, राज्य महिला आयोग की सदस्य रीना पुंडीर, एपीएमसी अध्यक्ष सतपाल वर्धन, राज्य सहकारी बैंक के निदेशक सुनील शर्मा, हिमकोफैड के निदेशक आशीष ठाकुर, एचआरटीसी निदेशक संदीप सांख्यान, जिला बाल कल्याण समिति सदस्य निर्मला राजपूत, उपायुक्त राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, जिला विकास अधिकारी यशपाल, विभिन्न विभागों के अधिकारियों सहित अन्य अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।


