डीसी सिरमौर ने जिला स्तरीय निगरानी तथा समीक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता की
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (नाहन ) 02 जुलाई। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने आज यहां उपायुक्त कार्यालय के सभागार में मिशन शक्ति अंबरेला तथा पोषण अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए गठित जिला स्तरीय निगरानी तथा समीक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता की।
उन्होंने बताया कि पोषण अभियान का मुख्य उद्देश्य 0-6 वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं तथा किशोरियों में कुपोषण और एनीमिया की दर को कम करना तथा बच्चों में कम वजन, बौनापन और महिलाओं व बच्चों में खून की कमी को चरणबद्ध तरीके से खत्म करना है। इस योजना के तहत बच्चे के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाता है जो कि बच्चे के मानसिक व शारीरिक विकास के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के अन्तर्गत बच्चे को स्थानीय पौष्टिक आहार, मोटे अनाज विशेषकर बाजरा और आहार विविधता को बढावा दिया जा रहा है तथा जो अति कुपोषित बच्चे अथवा जिनके स्वास्थ्य में सुधार नहीं आता उन्हें पुनर्वास केन्द्रों में रखने का प्रबंध किया जाता है।
जिला सिरमौर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 1486 आंगनवाड़ी केद्रों के माध्यम से 12617 गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, 6 माह से 6 वर्ष तक के 2635 बच्चों को पोषाहार एवं अन्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि बेटी बचाओ, बेटी पढाओ के अन्तर्गत जन्म के समय लिंग अनुपात में गत वर्ष के 957 की अपेक्षा इस वर्ष 1018 दर्ज की गई है जोकि देश तथा प्रदेश की तुलना में अधिक एवं उत्साह वर्धक है। जिला सिरमौर में इस वित वर्ष के दौरान 8 आंगनवाडी सह क्रेच संचालित किए जा चुके है तथा भविष्य में 57 क्रेच संचालित किए जाने प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के अंतर्गत वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान सामाजिक सुरक्षा के तहत 52 लाख, 11 हजार, 500 रुपये की राशि स्वीकृत की गई है जिसके तहत अभी तक 119 पात्र लाभार्थियों को 14 लाख, 25 हजार, 935 रुपये की राशि दी जा चुकी है। इसी प्रकार इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत 18 वर्ष तक के पात्र 1891 लाभार्थियों को 57 लाख, 70 हजार, 228 रुपये जबकि 18 वर्ष से 27 वर्ष के 11 पात्र लाभार्थियों को 2 लाख, 26 हजार, 499 रुपये की वित्तीय सहायता वितरित की गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन कुमार ने बैठक में मदों को क्रमवार प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी (ग्रामीण विकास) अंजली गर्ग, जिला पंचायत अधिकारी विक्रम ठाकुर, जिला में कार्यरत सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।


