दयानंद आदर्श विद्यालय कंडाघाट के विद्यार्थी राजभवन में आयोजित न’शा मु’क्ति जागरूकता कार्यक्रम में हुए शामिल

राज्यपाल कविंदर गुप्ता से मिले विद्यार्थी

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (कंडाघाट ) 2 जुलाई।
राजभवन (लोक भवन) शिमला में बीते कल ‘Elevate – Experience the Real High: A Step Towards Drug-Free Himachal’ नामक नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया । इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व प्रमुख वक्ता हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल महामहिम श्री कविंदर गुप्ता रहे , जिन्होंने नशामुक्त समाज के लिए सामूहिक जन आंदोलन का आह्वान किया । मुख्य वक्ता एन०आई०टी० जालंधर के निदेशक और एन०आई०टी० श्रीनगर के अतिरिक्त निदेशक, प्रो. विनोद कुमार कनोडिय , अन्य वक्ता विद्या भारती हिमाचल प्रदेश के संगठन मंत्री ज्ञान कुमार और प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता गोपाल कृष्ण ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया । कार्यक्रम में शामिल होने वाले अन्य प्रमुख लोगों में महामहिम राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज, विभिन्न स्कूलों के छात्र, शिक्षाविद, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और युवा शामिल थे । इस कार्यक्रम के माध्यम से राज्यपाल ने युवाओं को नशे से बचाने और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समाज से एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि नशे से बचने के लिए कम उम्र से ही जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने समाज से अपील की कि नशा मुक्ति केवल सरकार का काम नहीं, बल्कि इसे एक जन-आंदोलन बनना चाहिए। राज्यपाल ने शिक्षकों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों से मिलकर काम करने की अपील की ताकि भावी पीढ़ी को नशे के जाल से बचाया जा सके।
कार्यक्रम के शीर्षक ‘Elevate’ (ऊपर उठना) का अर्थ समझाते हुए राज्यपाल ने कहा कि असली ऊंचाई नशे के भ्रम में नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, उद्देश्यपूर्ण और सेवा-भाव वाले जीवन में है।

विकसित भारत के लिए युवाओं की सुरक्षा बारे अपने संबोधन में महामहिम महोदय ने कहा कि यदि भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाना है, तो युवा पीढ़ी को नशामुक्त रखना हमारी सबसे बड़ी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यदि इन अभियानों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए, तो देश के साथ साथ हिमाचल प्रदेश भी जल्द ही पूरी तरह से नशामुक्त राज्य बन सकता है।

कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल महोदय श्री कविंदर गुप्ता जी और अन्य मौजूद अतिथियों संग विद्यार्थियों के सामूहिक चित्र भी खींचे गए और प्रमाण पत्र भी दिए गए। दोपहर के भोजन उपरांत कार्यक्रम की समाप्ति हुई। विद्यालय के कक्षा दसवीं के 14 विद्यार्थियों ने विद्यालय प्रधानाचार्या श्रीमती रमा शर्मा व अध्यापकों संग इस कार्यक्रम में भाग लिया ।
विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा मौजूद पत्रकारों के समक्ष भी नशा मुक्ति बारे अपने विचार सांझा किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: