मनाली के बाईपास सरकार की प्राथमिकता : विक्रमादित्य सिंह
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (मनाली )29 जुलाई । लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बुधवार को मनाली प्रवास के दौरान विकास कार्यों और जनसमस्याओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर व्यापक समीक्षा कर, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने सर्किट हाउस मनाली में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों तथा लोगों की समस्याएं सुनते हुए स्पष्ट कहा कि प्रदेश सरकार सड़क, पुल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मंत्री से विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की सड़कों, पुलों और अन्य विकास कार्यों से संबंधित मांगें रखीं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत तथा लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।
स्थानीय हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी
इसके उपरांत मंत्री ने मनाली स्थित एडी हाइड्रो प्रोजेक्ट के अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में स्थानीय लोगों द्वारा उठाई गई समस्याओं और परियोजना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
विक्रमादित्य सिंह ने एडी हाइड्रो प्रोजेक्ट प्रबंधन को सरकार के साथ हुए एमओयू के अनुरूप स्थानीय लोगों के हितों का पूर्ण संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना प्रबंधन अपनी सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) के तहत हमटा पास और जगतसुख सड़क मार्गों के सुधार कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करे, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
ओल्ड मनाली सड़क और बाईपास निर्माण को मिलेगी गति
इससे पहले मंत्री ने विश्व प्रसिद्ध माता हिडिंबा मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने ओल्ड मनाली सड़क तथा निर्माणाधीन मनाली बाईपास सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि ओल्ड मनाली सड़क के सुधार कार्य के लिए 3 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। वहीं, मनाली बाईपास सड़क को प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल बताते हुए कहा कि इसके निर्माण के लिए शहरी विकास विभाग से 3 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
उन्होंने मनाली क्लब हाउस के समीप क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य मनाली में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को कंजेशन-फ्री यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इस कार्य के लिए यदि अतिरिक्त धनराशि की आवश्यकता होगी तो सरकार उसकी भी व्यवस्था करेगी।
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा नया आयाम
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री ने मनाली विधानसभा क्षेत्र के धमसू में निजी क्षेत्र द्वारा स्थापित 235 फुट ऊंची बंजी जंपिंग सुविधा का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि इस साहसिक पर्यटन गतिविधि के शुरू होने से मनाली में एडवेंचर टूरिज्म को नई पहचान मिलेगी, पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी तथा स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने इस परियोजना के लिए अंशुल और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि साहसिक पर्यटन गतिविधियों के संचालन में सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए, ताकि पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहे।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेस राम आज़ाद, हरि चंद शर्मा, हीरा लाल राणा, गौतम ठाकुर, मोनिका भारती, लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


