सेवानिवृत्त तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार के रिक्त पदों पर पुनर्नियोजन के लिए 6 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित

सेवानिवृत्त तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार के रिक्त पदों पर पुनर्नियोजन के लिए 6 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर )31 जुलाई। उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि जिला बिलासपुर में तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार के रिक्त पदों को मानदेय आधार पर भरने के लिए सेवानिवृत्त तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन प्रपत्र के साथ सभी आवश्यक प्रमाण-पत्र एवं दस्तावेज संलग्न कर अपने आवेदन 6 अगस्त, 2026 को सायं 5 बजे तक उपायुक्त कार्यालय, बिलासपुर में जमा कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त अथवा अपूर्ण आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि मानदेय आधार पर तहसीलदार का एक तथा नायब तहसीलदार का एक रिक्त पद भरा जाएगा। पात्रता के अनुसार अभ्यर्थी ने हिमाचल प्रदेश राजस्व विभाग के किसी भी विंग में तहसीलदार अथवा नायब तहसीलदार के रूप में न्यूनतम पांच वर्ष की सेवा की हो तथा उसके विरुद्ध कोई विभागीय अथवा अनुशासनात्मक कार्यवाही लंबित न हो। पुनर्नियोजन के लिए अभ्यर्थी की आयु 65 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। चयनित सेवानिवृत्त तहसीलदार को 70 हजार रुपये प्रतिमाह तथा चयनित सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार को 60 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा। नियुक्ति जिला बिलासपुर की रिक्त तहसीलों एवं उप तहसीलों में की जाएगी।

उन्होंने बताया कि आवेदन का निर्धारित प्रपत्र जिला बिलासपुर की आधिकारिक वेबसाइट http://hpbilaspur.nic.in से डाउनलोड किया जा सकता है। आवेदन के साथ अंतिम नियंत्रक अधिकारी द्वारा जारी विभागीय अथवा अनुशासनात्मक कार्यवाही लंबित न होने का प्रमाण-पत्र तथा सरकारी अस्पताल से जारी स्वास्थ्य उपयुक्तता प्रमाण-पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।

उन्होंने बताया कि पुनर्नियोजन प्रारंभिक रूप से तीन माह के लिए किया जाएगा, जिसे कार्य निष्पादन एवं आवश्यकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है। यह नियुक्ति पूर्णतः अस्थायी होगी तथा नियमित अधिकारियों की उपलब्धता अथवा प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार किसी भी समय समाप्त की जा सकेगी। इस संबंध में अधिक जानकारी जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: