अगस्त माह में कांगड़ा और चंबा जिलों में होंगे विभिन्न राष्ट्रीय सांख्यिकीय सर्वेक्षण
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (धर्मशाला ) 3 अगस्त ।राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्र संकाय प्रभाग), उप क्षेत्रीय कार्यालय धर्मशाला द्वारा अगस्त 2026 के दौरान जिला कांगड़ा एवं चंबा में विभिन्न सामाजिक और आर्थिक विषयों से जुड़े राष्ट्रीय सांख्यिकीय सर्वेक्षण संचालित किए जाएंगे। इन सर्वेक्षणों से प्राप्त आंकड़े नीति निर्माण, विकास योजनाओं के मूल्यांकन तथा विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभाव का आकलन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह जानकारी देते हुए राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्र संकाय प्रभाग), उप क्षेत्रीय कार्यालय धर्मशाला की सहायक निदेशक एवं कार्यालय अध्यक्ष सिमरन ने बताया कि अगस्त माह के दौरान संचालित होने वाले इन विभिन्न सर्वेक्षणों में नागरिकों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित सांख्यिकी अधिकारियों एवं सर्वे प्रगणकों द्वारा चयनित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निर्धारित नमूना परिवारों और प्रतिष्ठानों का सर्वेक्षण किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की गई है कि वे सही एवं सटीक जानकारी देकर सर्वेक्षण कार्य में सहयोग करें।
उन्होंने बताया कि अगस्त माह में जिन प्रमुख सर्वेक्षणों का संचालन किया जाएगा, उनमें आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, प्रवासन सर्वेक्षण, राष्ट्रीय घरेलू सर्वेक्षण योजना, अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश सर्वेक्षण व स्थिति आकलन सर्वेक्षण, असंगठित क्षेत्र के उद्यमों का सर्वेक्षण तथा उपभोक्ता मूल्य सूचकांक सर्वेक्षण शामिल हैं।
इन सर्वेक्षणों के माध्यम से रोजगार, बेरोजगारी, प्रवासन, आय, ऋण, निवेश, कृषि परिवारों की स्थिति, असंगठित क्षेत्र के उद्यमों की आर्थिक गतिविधियों तथा उपभोक्ता वस्तुओं एवं सेवाओं के मूल्य संबंधी महत्वपूर्ण आंकड़े एकत्र किए जाएंगे।
उन्होंने सभी नागरिकों, परिवारों एवं उद्यमियों से आग्रह किया है कि वे सर्वेक्षण दल को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग दें।


