अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के तहत कृषि मंत्री ने 450 बीपीएल परिवारों से किया संवाद
50 पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के सेक्शन लेटर किए प्रदान
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (नगरोटा सूरियां/ कांगड़ा )12 अगस्त। प्रदेश सरकार द्वारा अति निर्धन एवं बीपीएल परिवारों के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान के उद्देश्य से ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के तहत नगरोटा सूरियां क्षेत्र के सुगनाड़ा में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने नगरोटा सूरियां क्षेत्र की 14 पंचायतों से आए करीब 450 बीपीएल परिवारों के साथ सीधा संवाद किया तथा उनकी समस्याएं सुनीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. चन्द्र कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र परिवारों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बीपीएल सूची में केवल वास्तविक रूप से जरूरतमंद और पात्र परिवार ही शामिल हों तथा जो व्यक्ति पात्रता रखता है, उसे ही बीपीएल का लाभ मिले, यह सुनिश्चित करना आवश्यक है।
उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती की ओर रुख करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक रूप से उगाई गई गेहूं, मक्का और कच्ची हल्दी को किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद रही है। उन्होंने कहा कि गाय और भैंस के दूध की खरीद भी सरकार द्वारा एमएसपी पर की जा रही है। ढगवार में दूध प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया जा रहा है, जहां दूध से विभिन्न उत्पाद तैयार किए जाएंगे, जिससे पशुपालकों और किसानों को अपने उत्पाद का बेहतर मूल्य प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे।
कृषि मंत्री ने कहा कि नगरोटा सूरियां को नगर पंचायत का दर्जा दिया गया है, जिससे क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं रहेगी और विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों की तुलना में नगर पंचायत क्षेत्र में अधिक मकानों को विभिन्न आवासीय योजनाओं के तहत लाभ मिल सकता है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को आवास की सुविधा उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अंतर्गत 50 पात्र परिवारों को मकान निर्माण के लिए स्वीकृति पत्र प्रदान किए। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने कृषि मंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं भी रखीं। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी उपस्थित लोगों को अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर एसडीएम नरेंद्र जरियाल, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता मोहिंदर धीमान,एक्सईन मनोहर लाल शर्मा, बीडीओ मनोज शर्मा,तहसीलदार ज्ञान चंद,नगर पंचायत वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी आर एस वर्मा, एसडीओ राजेश चौधरी संसारी,एसडीओ पंचायती राज अमन रिहालिया, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ मानव गुलेरिया,कॉंग्रेस प्रवक्ता संसार सिंह,कांग्रेस नेता पीसी विश्वकर्मा, रामपाल धीमान,सुगनाड़ा पंचायत प्रधान कर्ण पठानिया, विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


