विधायक ने सेहल में किसानों को कृषि एवं बागवानी किट वितरित
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बैजनाथ ) 13 अगस्त ।
ग्राम पंचायत सेहल में आज प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना–वाटरशेड विकास घटक 2.0 के अंतर्गत प्रोडक्शन सिस्टम के तहत एग्रीकल्चर एवं हॉर्टिकल्चर किट वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक किशोरी लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की तथा किसानों को कृषि एवं बागवानी किट वितरित कीं।
कार्यक्रम में अवगत करवाया गया कि प्रोडक्शन सिस्टम के तहत 9 लाख 32 हजार रुपये की लागत से कृषि एवं बागवानी संबंधी विभिन्न उपकरणों की खरीद की गई है, जिन्हें लगभग 300 किसानों को वितरित किया गया। इन उपकरणों से किसानों को कृषि एवं बागवानी गतिविधियों में आधुनिक तकनीक अपनाने तथा उत्पादन क्षमता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक किशोरी लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने तथा कृषि एवं बागवानी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। किसानों को आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ जल संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के समुचित उपयोग पर भी विशेष बल दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में कृषि एवं बागवानी की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध करवाकर कृषि को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ व्यवसाय बनाया जाए। उन्होंने किसानों से विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया।
विधायक ने इस अवसर पर स्थानीय लोगों की मांगों को भी गंभीरता से लेते हुए सेहल स्कूल के रास्ते में पुलिया निर्माण के लिए 2 लाख रुपये तथा सेहल स्थित खेल मैदान के सुदृढ़ीकरण के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी डॉ विवेक गुलेरिया, बी डी सी सदस्य रविन्द्र कुमार, प्रधान सन्नी कपूर, उपप्रधान भीखम दास, शलभ अवस्थी, राम कृष्ण, बी के शर्मा, मंडल कपूर, प्रकाश चंद, घोगरू राम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


