‘सामाजिक समावेशन’ विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (सोलन ) 20 अगस्त। अतिरिक्त उपायुक्त सोलन दिव्यांशु सिंगल ने आज यहां ‘सामाजिक समावेशन’ विषय पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह की अध्यक्षता की।
दिव्यांशु सिंगल ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिक, स्वयं सहायता समूहों एवं ट्रांसजेंडर समुदाय को सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों की मुख्यधारा से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक समावेशन केवल योजनाओं का लाभ प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, अवसर, भागीदारी और आत्मनिर्भरता प्रदान करना इसका वास्तविक उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका, वित्तीय सेवाओं, कौशल विकास और स्वरोज़गार के अवसरों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों का आह्वान किया कि वह प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान को गांव-गांव तक पहुंचाएं और यह सुनिश्चित करें कि समाज का कोई भी कमजोर अथवा वंचित व्यक्ति विकास की मुख्यधारा से न छूटे।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविरों को महिलाओं के उत्थान, सामाजिक समावेशन और ग्रामीण आजीविका को मज़बूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को कमजोर वर्गों का स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने, वित्तीय समावेशन के अंतर्गत बैंक खाता, बचत, ऋण, बीमा तथा अन्य वित्तीय सेवाओं से जोड़ने के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण में आजीविका समावेशन के अंतर्गत कृषि, पशुपालन, गैर-कृषि गतिविधियों, खाद्य प्रसंस्करण तथा छोटे व्यवसायों के माध्यम से आय के स्थाई साधन विकसित करने तथा विभिन्न सरकारी सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं से पात्र व्यक्तियों को जोड़ने पर भी विशेष बल दिया गया।
प्रशिक्षण शिविर में ज़िला बिलासपुर एवं ज़िला सिरमौर से 56 सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रदेश परियोजना प्रबंधक ओम प्रकाश, ज़िला विकास अधिकारी रमेश शर्मा, ज़िला कार्यात्मक प्रबंधक बविता, खण्ड पर्यवेक्षक सुरेश सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।


