उपायुक्त किन्नौर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित; जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति की समीक्षा की
डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (रिकांग पिओ ) 20 अगस्त ।
उपायुक्त कार्यालय रिकांग पिओ में आज उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला सड़क सुरक्षा समिति किन्नौर डॉ अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में जिले में हुई हालिया सड़क दुर्घटनाओं, सख्त यातायात प्रवर्तन उपायों और पीड़ित राहत योजनाओं के कार्यान्वयन की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने पिकअप वाहन की हालिया दुर्घटना का जायजा लिया, जिसमें वाहन के पिछले हिस्से (कार्गो एरिया) में बैठी सवारियों सहित कुल 10 लोग सवार थे। यद्यपि इस हादसे में सभी लोगों की जान बाल-बाल बच गई, लेकिन मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारियां बैठाने की प्रवृत्ति पर समिति के अध्यक्ष ने गहरी चिंता व्यक्त की।
वर्ष 2026 में जिले के दुर्घटना आंकड़ों के विश्लेषण से एक गंभीर स्थिति सामने आई: इस वर्ष दर्ज दुर्घटनाओं में से 12 दुर्घटनाएं पिकअप या मालवाहक वाहनों से संबंधित थीं, जिनमें 9 लोगों की मृत्यु हुई है। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए अध्यक्ष ने पुलिस और परिवहन विभाग को मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने वाले चालकों और वाहन मालिकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में पीएम-राहत (कैशलेस इलाज) योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि इस योजना के तहत अब तक जिले में सड़क दुर्घटना में घायल हुए 13 लोगों का सफल मुफ़्त और कैशलेस इलाज करवाया जा चुका है।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि दुर्घटना पीड़ितों को बिना किसी वित्तीय बाधा के तत्काल आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।
इसके अतिरिक्त, दुर्घटना रिपोर्टिंग प्रणाली को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से eDAR और iRAD पोर्टल के पूर्ण अनुपालन तथा यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले चालकों की पहचान के लिए तकनीकी प्रणालियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने बैठक का संचालन किया तथा पुलिस विभाग द्वारा संवेदनशील स्थलों पर स्थानीय लोगों को निरंतर जागरूक किया जा रहा है ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ पुष्प राज, एसडीएम कल्पा प्रवीण भारद्वाज, उपनिदेशक उच्चतर शिक्षा कुलदीप सिंह डोगरा सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


