बिजली, पेयजल, सिंचाई और सड़क नेटवर्क सुदृढ़ीकरण को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं प्रगति पर: राजेश धर्माणी

घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कोटलू ब्राह्मणा में आयोजित कार्यक्रम में बोले तकनीकी शिक्षा मंत्री

डेली पब्लिक लाइव न्यूज़ (बिलासपुर )20 अगस्त। नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में विद्युत, पेयजल, सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण तथा सड़क अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। राजेश धर्माणी आज घुमारवीं विकास खंड की ग्राम पंचायत कोटलू ब्राह्मणा में नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के लिए आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में बढ़ती बिजली की मांग को देखते हुए नए 33 केवी उपकेंद्र स्वीकृत किए गए हैं, जिन्हें बड़े ग्रिड से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में घुमारवीं क्षेत्र को 132 केवी कांगू उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति प्राप्त हो रही है, लेकिन लगभग 40 से 50 वर्ष पुरानी लाइनों के कारण तकनीकी हानियां बढ़ गई हैं तथा ओवरलोड के कारण शटडाउन की स्थिति उत्पन्न होती है। इस समस्या के समाधान के लिए लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से कांगू-कंदरौर विद्युत लाइन की रिकंडक्टिंग का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि घुमारवीं क्षेत्र के करयालग में लगभग 75 करोड़ रुपये की लागत से नया 132 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए जाहू, बड़सर, कोटलांगड़ तथा एम्स के निकट विकसित हो रहे उपकेंद्रों से भी विद्युत नेटवर्क को जोड़ा जा रहा है। इससे किसी एक स्थान पर तकनीकी बाधा आने की स्थिति में दूसरे स्रोत से निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

राजेश धर्माणी ने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के लिए 45 नए विद्युत ट्रांसफॉर्मर स्वीकृत किये हैं जिन्हें मानसून मौसम के उपरांत चरणबद्ध तरीके से आगामी एक वर्ष में स्थापित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नए विद्युत उपकेंद्रों के साथ-साथ ट्रांसफॉर्मरों, विद्युत लाइनों के सुधारीकरण के कार्य पूर्ण हो जाने से आगामी 20 से 25 वर्षों तक क्षेत्र में बिजली संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान हो जाएगा।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को भी दीर्घकालिक दृष्टि से मजबूत बनाया जा रहा है। इस दृष्टि से सतलुज नदी पर आधारित तीन बड़ी पेयजल योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिनके माध्यम से आने वाले समय में भराड़ी क्षेत्र, कपाहड़ा क्षेत्र तथा घुमारवीं के आसपास के क्षेत्रों की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा। इसके अतिरिक्त किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भी सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत लगभग 74 करोड़ रुपये की एक परियोजना भारत सरकार को भेजी गई है। इसके अतिरिक्त पूरे विधानसभा क्षेत्र को सिंचाई सुविधा से जोड़ने के लिए केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष लगभग 600 से 700 करोड़ रुपये की एक व्यापक परियोजना प्रस्तुत की गई है। इस परियोजना के भविष्य में स्थापित होने पर पूरे विधानसभा क्षेत्र को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे कृषि उत्पादकता और किसानों की आय में वृद्धि होगी।

राजेश धर्माणी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से सीवरेज सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा। इसके लिए दो परियोजनाएं नाबार्ड के माध्यम से भेजी गई हैं। साथ ही, बाढ़ नियंत्रण के लिए सीर खड्ड की लगभग 198 करोड़ रुपये की परियोजना भारत सरकार के पास विचाराधीन है तथा सुकर खड्ड के चैनलाइजेशन का प्रस्ताव भी भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर तत्काल खतरा अधिक है, वहां प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षात्मक कार्य शुरू किए जाएंगे।

उन्होंने सड़कों के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2012 से 2017 के दौरान कई महत्वपूर्ण सड़क उन्नयन परियोजनाएं स्वीकृत कराई गई थीं। इनमें निहारी-बरठीं सड़क का उन्नयन भी शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बदलने के बाद सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता किया गया, जिसके संबंध में स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने कई बार आपत्तियां भी दर्ज कराईं। उन्होंने कहा कि मुख्य मंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गुणवत्ता आधारित विकास कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है तथा सभी परियोजनाओं को पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा किया जाएगा।

उन्होंने घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 111 करोड़ रूपये की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन तथा लगभग 488 करोड़ रूपये की परियोजनाओं के शिलान्यास करने के लिए क्षेत्र के लोगों की ओर से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का भी आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र को विकास के क्षेत्र में नई गति मिली है।

इस अवसर पर उन्होंने ग्राम पंचायत परिसर में अनार का पौधा रोपित किया तथा उपस्थित लोगों को नशामुक्त हिमाचल की शपथ भी दिलाई।

इससे पहले कोटलू ब्राह्मणा पहुंचने पर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों तकनीकी शिक्षा मंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत कोटलू ब्राह्मणा के प्रधान रोशन लाल जम्वाल, उप-प्रधान विशाल जम्वाल, बीडीसी सदस्य मंजुला देवी सहित पंचायत के सदस्य तथा कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: